तिरुवनंतपुरम, 19 मई (भाषा) केरल की संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा ( यूडीएफ) सरकार ने राज्य की वित्तीय स्थिति पर श्वेत पत्र तैयार करने के लिए एक विशेष समिति के गठन की मंगलवार को घोषणा की।
मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन की अध्यक्षता में वित्त विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक में यह फैसला लिया गया।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के बयान के अनुसार, इस समिति की अध्यक्षता पूर्व कैबिनेट सचिव डॉ. के. एम. चंद्रशेखर करेंगे। वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव के. आर. ज्योतिलाल को समिति का संयोजक नियुक्त किया गया है।
समिति में अर्थशास्त्री डॉ. नारायण और सेंटर फॉर डेवलपमेंट स्टडीज के निदेशक डॉ. वीरमणि भी सदस्य के रूप में शामिल होंगे।
बयान के अनुसार, यह श्वेत पत्र राज्य की वित्तीय स्थिति की स्पष्ट तस्वीर प्रस्तुत करेगा और भविष्य के नीतिगत निर्णयों के लिए मार्गदर्शन देगा।
यूडीएफ ने आरोप लगाया है कि वाम शासन के दौरान कुप्रबंधन के कारण राज्य की वित्तीय स्थिति खराब हुई है। हालांकि, उस समय के वित्त मंत्री के. एन. बालगोपाल ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया था।
भाषा निहारिका अजय
अजय