एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस का चौथी तिमाही का मुनाफा नौ प्रतिशत बढ़कर 1,497 करोड़ रुपये

Ads

एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस का चौथी तिमाही का मुनाफा नौ प्रतिशत बढ़कर 1,497 करोड़ रुपये

  •  
  • Publish Date - May 14, 2026 / 12:14 PM IST,
    Updated On - May 14, 2026 / 12:14 PM IST

नयी दिल्ली, 14 मई (भाषा) एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस का शुद्ध लाभ वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में नौ प्रतिशत बढ़कर 1,497 करोड़ रुपये हो गया।

कंपनी का 2024-25 की चौथी (जनवरी-मार्च) तिमाही में शुद्ध लाभ 1,368 करोड़ रुपये था।

एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में कुल आय हालांकि घटकर 7,195 करोड़ रुपये रह गई जो पिछले वर्ष की समान तिमाही में 7,283 करोड़ रुपये थी। वहीं ब्याज आय भी 7,117 करोड़ रुपये से घटकर 7,009 करोड़ रुपये रह गई।

कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) त्रिभुवन अधिकारी ने कहा, ‘‘ वित्त वर्ष 2025-26 की अंतिम तिमाही में एलआईसी हाउसिंग ने मजबूत मांग देखी। इसे प्रभावी डिजिटल अवसंरचना, स्थिर ब्याज दर और लागत अनुकूलन तथा ग्राहक-केंद्रितता पर निरंतर ध्यान देने की हमारी रणनीति से समर्थन मिला।’’

भारतीय जीवन बीमा निगम की इस आवासीय वित्त इकाई ने समूचे वित्त वर्ष 2025-26 में 5,595 करोड़ रुपये का लाभ अर्जित किया जो 2024-25 के 5,429 करोड़ रुपये से तीन प्रतिशत अधिक है।

निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए प्रति शेयर 10 रुपये (प्रति शेयर दो रुपये के अंकित मूल्य का 500 प्रतिशत) लाभांश की सिफारिश की है। यह शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन है।

भाषा निहारिका

निहारिका