लखनऊ मेट्रो ने गो स्मार्ट कार्ड को एनसीएमसी कार्ड से बदलने की सुविधा शुरू की

लखनऊ मेट्रो ने गो स्मार्ट कार्ड को एनसीएमसी कार्ड से बदलने की सुविधा शुरू की

लखनऊ मेट्रो ने गो स्मार्ट कार्ड को एनसीएमसी कार्ड से बदलने की सुविधा शुरू की
Modified Date: August 17, 2026 / 08:19 pm IST
Published Date: August 17, 2026 8:19 pm IST

लखनऊ, 17 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल निगम (यूपीएमआरसी) ने सोमवार को लखनऊ मेट्रो यात्रियों के सफर को और सुविधाजनक बनाने के लिए हाल ही में पेश किए गए नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) को अब मौजूदा गो स्मार्ट कार्ड धारकों के लिए भी उपलब्ध कराने की घोषणा की है।

एक बयान के मुताबिक, यात्रियों की सुविधा के लिए सोमवार से एक महीने तक विशेष कार्ड एक्सचेंज सुविधा शुरू की गई है। इस सुविधा के तहत लखनऊ मेट्रो के मौजूदा गो स्मार्ट कार्ड धारक अपने पुराने कार्ड को बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के एनसीएमसी में बदल सकेंगे।

बयान में कहा गया, ‘यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे पहले अपने मौजूदा गो स्मार्ट कार्ड पर उपलब्ध शेष राशि का उपयोग करें। एक बार शेष राशि समाप्त हो जाने पर, वे मेट्रो स्टेशन पर गो स्मार्ट कार्ड को जमा कर सकते हैं और 30-दिन की ‘एक्सचेंज विंडो’ के दौरान अपना नया एनसीएमसी कार्ड मुफ्त में प्राप्त कर सकते हैं।’

एनसीएमसी, जिसे ‘वन नेशन वन कार्ड’ के नाम से जाना जाता है जो यात्रियों को कई सहभागी परिवहन और भुगतान सेवाओं में एक ही कार्ड का उपयोग करने की अनुमति देता है।

एनसीएमसी में परिवर्तन के साथ, गो स्मार्ट कार्ड, टूरिस्ट कार्ड और सुपर सेवर कार्ड सहित लखनऊ मेट्रो कार्ड की मौजूदा श्रृंखला बंद कर दी जाएगी।

एनसीएमसी एक ‘ऑल यू नीड’ कार्ड है।

यह कार्ड यात्रियों को लखनऊ मेट्रो पर यात्रा करने का सुविधाजनक और नकद-रहित तरीका प्रदान करता है।

एनसीएमसी यात्रियों को लखनऊ मेट्रो पर प्रत्येक यात्रा पर 10 प्रतिशत की छूट सहित कई लाभ प्रदान करता है।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल निगम के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा, ‘‘नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड के माध्यम से हम लखनऊ के लोगों के दैनिक आवागमन को और अधिक सरल एवं सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक और कदम आगे बढ़ा रहे हैं। हमारा उद्देश्य कई अलग-अलग कार्ड की जगह एक ऐसे ‘इंटरऑपरेबल’ कार्ड की सुविधा प्रदान करना है, जो विभिन्न परिवहन सेवाओं की जरूरतों को पूरा कर सके।

उन्होंने कहा कि इसी क्रम में मौजूदा गो स्मार्ट कार्ड धारकों को अपने कार्ड को एनसीएमसी में पूरी तरह निःशुल्क बदलने के लिए 30 दिन का अवसर दिया जा रहा है। ‘‘मैं सभी गो स्मार्ट कार्ड उपयोगकर्ताओं से अपील करता हूं कि वे इस सुविधा का लाभ उठाएं और अधिक स्मार्ट एवं सुगम सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की ओर इस बदलाव में हमारे साथ जुड़ें।”

भाषा जफर अमित अजय

अजय


लेखक के बारे में