बिहार में 44 खनन ब्लॉकों का सर्वेक्षण, नौ महीने में परिचालन शुरू करने का लक्ष्य
बिहार में 44 खनन ब्लॉकों का सर्वेक्षण, नौ महीने में परिचालन शुरू करने का लक्ष्य
पटना, 17 अगस्त (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को कहा कि राज्य में 44 खनन ब्लॉकों का सर्वेक्षण कराया जाएगा और नौ महीने के भीतर इन्हें परिचालन में लाने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि खनिज संसाधनों का उपयोग जनकल्याण और बिहार के विकास के लिए किया जाएगा।
चौधरी ने केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्रालय द्वारा महत्वपूर्ण एवं रणनीतिक खनिज ब्लॉकों की नीलामी को लेकर आयोजित कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार 15 अक्टूबर से खनन गतिविधियां शुरू करने के लिए कदम उठाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘30 या उससे अधिक कोयला ब्लॉकों का आवंटन 30 सितंबर से पहले कर दिया जाएगा और हम 15 अक्टूबर से खनन गतिविधियां शुरू करने के लिए कदम उठाएंगे। साथ ही 44 कोयला ब्लॉकों में 28 का सर्वेक्षण कार्य आगे बढ़ चुका है। सरकार का लक्ष्य सभी 44 ब्लॉकों का सर्वेक्षण नौ महीने के भीतर पूरा करना है।’’
उन्होंने कहा कि राज्य में एक खनिज केंद्र भी स्थापित किया जाएगा और नवंबर तक पांच लाख करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित करने के लक्ष्य को हासिल करने के प्रयास किए जाएंगे।
चौधरी ने कहा कि खनिज ब्लॉकों की नीलामी से मिलने वाली रॉयल्टी का उपयोग बिहार की जनता के हित और राज्य के विकास के लिए किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर खनिज संसाधनों के दुरुपयोग की अनुमति नहीं दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में पर्याप्त खनिज संसाधन उपलब्ध हैं। इनमें रोहतास में चूना पत्थर, औरंगाबाद में प्रमुख खनिज क्षेत्र तथा जहानाबाद, जमुई, गया, बांका और भागलपुर में खनिज संसाधन शामिल हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘बिहार में उपलब्ध संसाधनों का जनता के हित में उचित उपयोग किया जाएगा।’’
राज्य के विकास का उल्लेख करते हुए चौधरी ने कहा कि बिहार का बजट बढ़कर 3.47 लाख करोड़ रुपये हो गया है और कई बड़ी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि बुनियादी ढांचे के विकास के लिए पत्थर और अन्य खनिजों की आवश्यकता होती है।
मुख्यमंत्री ने निवेशकों से बिहार में निवेश करने का भी आह्वान किया और उन्हें सरकार के सहयोग तथा सुरक्षित माहौल का भरोसा दिलाया।
उन्होंने कहा, ‘‘बिहार में खुले मन से निवेश करें और राज्य को आगे बढ़ाने में मदद करें। आप यहां पूरी तरह सुरक्षित हैं और बिना किसी डर के अपना काम कर सकते हैं। बिहार सरकार हरसंभव सहयोग करेगी।’’
चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार उद्योग स्थापित करने के लिए निवेशकों को विभिन्न प्रकार की रियायतें और प्रोत्साहन दे रही है।
उन्होंने बताया कि उन्होंने केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी किशन रेड्डी से बिहार के खनिज संसाधनों के संबंध में बातचीत की है। उन्होंने केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे की भी बिहार के हित में काम करने के लिए सराहना की।
भाषा कैलाश अमित पाण्डेय
पाण्डेय

Facebook


