महाराष्ट्र कृषि ऋण माफी योजना की दूसरी किस्त जारी, 6.36 लाख किसानों को मिले 5,086 करोड़ रुपये
महाराष्ट्र कृषि ऋण माफी योजना की दूसरी किस्त जारी, 6.36 लाख किसानों को मिले 5,086 करोड़ रुपये
मुंबई, 24 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र सरकार ने सोमवार को अपनी कृषि ऋण माफी योजना की दूसरी किस्त जारी की, जिसके तहत 6,36,036 पात्र किसानों का कुल 5,086 करोड़ रुपये का ऋण माफ किया गया।
एक सरकारी बयान के अनुसार, ‘पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होल्कर शेतकरी कर्जमुक्ति योजना’ (पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होल्कर किसान ऋण माफी योजना) के तहत यह सहायता मुंबई में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी में ऑनलाइन वितरित की गई।
प्रदेश के 6,36,036 पात्र किसानों को 5,086 करोड़ रुपये की दूसरी किस्त का वितरण, अगस्त की शुरुआत में योजना के तहत पहली किस्त जारी होने के लगभग तीन सप्ताह बाद किया गया।
कृषि ऋण माफी कार्यक्रम, जिसके लिए महायुति सरकार ने 36,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि निर्धारित की है, को राज्य मंत्रिमंडल ने जून की शुरुआत में मंज़ूरी दी थी। उस समय अनुमान लगाया गया था कि इससे 56 लाख से अधिक किसान लाभान्वित होंगे।
फडणवीस ने कहा कि इस नवीनतम किस्त के साथ, अब तक इस योजना के तहत 12,58,243 किसानों को 10,115 करोड़ रुपये की ऋण माफी का लाभ मिला है।
उन्होंने कहा कि पात्र किसानों को लाभ वितरित करने की प्रक्रिया जारी है और लाभार्थियों की संख्या को समय-समय पर अद्यतन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक 13.70 लाख ऋण खातों का आधार प्रमाणीकरण पूरा हो चुका है।
बयान में कहा गया है कि दूसरी किस्त छह राजस्व डिविजन के लाभार्थियों को वितरित की गई।
इसमें छत्रपति संभाजीनगर डिविजन का हिस्सा सबसे बड़ा रहा, जहां 3,02,273 किसानों को 2,284 करोड़ रुपये मिले। अमरावती में 1,45,808 किसानों को 1,208 करोड़ रुपये का लाभ मिला, जबकि नासिक में 84,813 किसानों को 756 करोड़ रुपये मिले।
पुणे में 49,224 किसानों को 417 करोड़ रुपये मिले, जबकि नागपुर डिविजन में 44,864 किसानों को 366 करोड़ रुपये मिले। कोंकण में 9,054 किसानों को 54 करोड़ रुपये का फायदा मिला। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, सहकारिता मंत्री बाबासाहेब पाटिल, मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल और मुख्यमंत्री कार्यालय व सहकारिता विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय

Facebook


