नयी दिल्ली, 16 अप्रैल (भाषा) मैक्स हेल्थकेयर इंस्टीट्यूट लिमिटेड ‘मेडिकल टूरिज्म’ को बढ़ावा देने के लिए अपनी क्षमता विस्तार को तेज कर रहा है।
कंपनी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक अभय सोई ने कहा कि अगले तीन से चार वर्ष में कुल 10,000 ‘बेड’ (बिस्तर) उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
कंपनी ने पिछले वर्ष 2028 तक भारत के प्रमुख स्थानों पर 3,700 ‘बेड’ जोड़ने के लिए 6,000 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की है। इसने राष्ट्रीय राजधानी के साकेत स्थित अपने मैक्स स्मार्ट सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में 400 ‘बेड’ का नया टावर शुरू किया है।
सोई ने ‘पीटीआई-भाषा’ के साथ साक्षात्कार में कहा, ‘‘ यह एक अत्याधुनिक सुविधा है जिसमें आकांक्षी भारत के लिए नई पीढ़ी के ‘बेड’ हैं और यहां भारतीय क्लीनिकल प्रतिभा एवं प्रौद्योगिकी का सर्वश्रेष्ठ उपयोग किया जाएगा जिसका उद्देश्य वैश्विक मेडिकल टूरिज्म को आकर्षित करना है।’’
उन्होंने कहा कि कंपनी ने मुंबई में 300 ‘बेड’ की सुविधा और पंजाब के मोहाली में 200 ‘बेड’ की इकाई शुरू की है। गुरुग्राम में हम अगले छह से सात महीने में जल्द ही 500 ‘बेड’ और जोड़ने जा रहे हैं।
सोई ने कहा, ‘‘ सभी नई उन्नयन सुविधाएं भारत को वैश्विक मेडिकल टूरिज्म को केंद्र बनाने की दिशा में अग्रणी भूमिका निभाएंगी।”
कुल ‘बेड’ क्षमता वृद्धि पर उन्होंने कहा, ‘‘ पिछले वर्ष हमारे पास 5,200 ‘बेड’ थे और चालू वित्त वर्ष के अंत तक यह संख्या करीब 6,700 तक पहुंच जाएगी। नई सुविधाएं आकांक्षी भारत और वैश्विक मेडिकल टूरिज्म दोनों को ध्यान में रखकर बनाई जा रही हैं और हम अगले तीन से चार वर्ष में इसे 10,000 ‘बेड’ तक बढ़ा रहे हैं।’’
विस्तार के लिए निवेश पर उन्होंने कहा, ‘‘ हम अगले कुछ वर्ष में 4,000 करोड़ रुपये से 5,000 करोड़ रुपये तक निवेश करने की योजना बना रहे हैं जो पूरी तरह आंतरिक संसाधनों से वित्तपोषित होगा।’’
भारत में मेडिकल टूरिज्म को समर्थन देने में कंपनी की भूमिका पर सोई ने कहा, ‘‘ वर्तमान में हमारे पास 145 देशों से मरीज आते हैं। यह कारोबार हमारे लिए सालाना 25 प्रतिशत की दर से बढ़ रहा है।’’
भाषा निहारिका मनीषा
मनीषा