नयी दिल्ली, 19 अप्रैल (भाषा) मुंबई हवाई अड्डे की परिचालक मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लि. (मायल) ने सरकारी कंपनी एआईएएसएल पर जुर्माना लगाया है। इस महीने की शुरुआत में ग्राउंड हैंडलिंग परिचालन के दौरान एक ‘डॉली’ हवाई अड्डे पर पार्क किए गए गल्फ एयर के एक विमान से टकरा गई थी, जिससे विमान को नुकसान हुआ था। डॉली हवाई अड्डों पर सामान उतारने वाली ट्रॉली होती है।
पीटीआई-भाषा को मिली जानकारी के मुताबिक, अदाणी समूह की कंपनी मायल ने इसे एक बड़ी घटना बताते हुए एआई एयरपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड (एआईएएसएल) पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। इसे हवाई अड्डे की छवि को नुकसान पहुंचाने की घटना माना गया है।
गल्फ एयर के विमान को नुकसान पहुंचाने वाली यह घटना 10 अप्रैल को हुई थी, जब एआईएएसएल के कर्मचारी विमान स्टैंड की डॉली पर रखे सामान से भरे कंटेनर को खींच रहे थे। मायल ने 15 अप्रैल को एआईएएसएल को लिखे एक पत्र में कहा, ‘‘…जब माल को उतारा जा रहा था तो पीछे की एक डॉली पिछली डॉली से अलग हो गई, अनियंत्रित तरीके से चली और हवाई अड्डे पर पार्क किए गए गल्फ एयर के विमान से टकरा गई।
इस मामले में मायल और एआईएएसएल से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है। मुंबई हवाई अड्डा देश के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में से है।
भाषा अजय
अजय
अजय