एमडीएच ने हरियाणा में छह एफपीओ के साथ समझौते पर हस्ताक्षर किए

Ads

एमडीएच ने हरियाणा में छह एफपीओ के साथ समझौते पर हस्ताक्षर किए

  •  
  • Publish Date - June 3, 2026 / 08:22 PM IST,
    Updated On - June 3, 2026 / 08:22 PM IST

चंडीगढ़, तीन जून (भाषा) प्रमुख मसाला कंपनी एमडीएच ने किसानों को वैश्विक बाजारों से जोड़ने, उनकी आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र में नए अवसर पैदा करने के लिए बुधवार को हरियाणा के छह किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किए।

यह पहल विदेश सहयोग विभाग और बागवानी विभाग द्वारा कार्यान्वित की जा रही है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण के अनुरूप राज्य सरकार किसानों को आधुनिक कृषि प्रौद्योगिकियों, नए बाजारों और वैश्विक अवसरों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

एक सरकारी बयान में कहा गया है कि इस ‘‘गो ग्लोबल’’ दृष्टिकोण को नई गति देते हुए, हरियाणा के किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) अब तंजानिया, केन्या और अन्य अफ्रीकी देशों में खेती और कृषि व्यवसाय के अवसरों का पता लगाने में सक्षम होंगे।

पंचकूला जिले के मोरनी में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की उपस्थिति में देश की प्रसिद्ध मसाला कंपनी एमडीएच और हरियाणा के छह किसान उत्पादक संगठनों के बीच एक महत्वपूर्ण समझौते पर हस्ताक्षर किए गए।

बयान में कहा गया, ‘‘विदेश सहयोग विभाग और बागवानी विभाग द्वारा कार्यान्वित की जा रही इस पहल का उद्देश्य किसानों को वैश्विक बाजारों से जोड़ना, उनकी आय बढ़ाना और कृषि क्षेत्र में नए अवसर पैदा करना है।’’

सैनी ने आश्वासन दिया कि प्राकृतिक खेती अपनाने वाले किसानों को किसी भी नुकसान की स्थिति में मुआवजा दिया जाएगा। इसके अलावा, कंपनी प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को मौजूदा बाजार दर से 10 प्रतिशत अधिक कीमत की पेशकश करेगी।

सैनी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य पहले चरण में लगभग 4,000 एकड़ जमीन पर प्राकृतिक खेती शुरू करना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार नहीं चाहती कि किसान पारंपरिक खेती तक ही सीमित रहें। इसके बजाय, यह उन्हें कृषि उद्यमिता, मूल्य संवर्धन और अंतरराष्ट्रीय व्यापार से जोड़ना चाहता है, जिससे वे आत्मनिर्भर और समृद्ध बनेंगे।

उन्होंने कहा कि इस उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए, किसानों को वैश्विक बाजारों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

समझौते के तहत, पंचकूला जिले के मोरनी क्षेत्र में अदरक, हल्दी और मिर्च सहित विभिन्न मसाला फसलों की व्यावसायिक खेती को बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने कहा, एमडीएच किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन, गुणवत्तापूर्ण उत्पादन के लिए सहायता, विपणन सहायता और खरीद सहायता प्रदान करेगी।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय