एयर इंडिया ने उत्तर अमेरिका, यूरोप की उड़ानों पर ईंधन अधिभार घटाया

Ads

एयर इंडिया ने उत्तर अमेरिका, यूरोप की उड़ानों पर ईंधन अधिभार घटाया

  •  
  • Publish Date - July 2, 2026 / 08:28 PM IST,
    Updated On - July 2, 2026 / 08:28 PM IST

नयी दिल्ली, दो जुलाई (भाषा) पेट्रोलियम कीमतों में हाल में आई गिरावट के बीच एयर इंडिया ने उत्तर अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, यूरोप और ब्रिटेन जाने वाली उड़ानों पर ईंधन अधिभार को घटा दिया है।

सूत्रों ने बृहस्पतिवार को कहा कि इन उड़ान मार्गों पर ईंधन अधिभार को कम करते हुए उत्तर अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया के लिए प्रति टिकट 280 डॉलर से घटाकर 200 डॉलर कर दिया गया है।

वहीं यूरोप और ब्रिटेन के लिए ईंधन अधिभार को 205 डॉलर से घटाकर 125 डॉलर कर दिया गया है। संशोधित दरें एक जुलाई से प्रभावी हो गई हैं।

हालांकि, इस संबंध में एयर इंडिया की तरफ से कोई टिप्पणी नहीं आई है।

टाटा समूह की एयरलाइन ने पश्चिम एशिया संघर्ष के चलते कच्चे तेल और विमानन ईंधन (एटीएफ) की कीमतों में उछाल के कारण सात अप्रैल को टिकटों पर ईंधन अधिभार लगाया था। उस समय लागत बढ़ने और हवाई क्षेत्र प्रतिबंधों के कारण परिचालन खर्च बढ़ गया था।

हालांकि, अन्य अंतरराष्ट्रीय और घरेलू उड़ानों के लिए ईंधन अधिभार में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

एयर इंडिया समूह ने पहले अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर 24 डॉलर से 280 डॉलर और घरेलू उड़ानों पर 299 से 899 रुपये तक का अधिभार लगाया था।

उद्योग के आंकड़ों के अनुसार, एटीएफ किसी भी एयरलाइन की कुल लागत का करीब 40-45 प्रतिशत हिस्सा होता है। ऐसे में ईंधन कीमतों में कमी का सीधा असर किरायों और अधिभार पर पड़ता है।

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय