शिकॉगो बाजार बंद होने के कारण कामकाज सुस्त रहने से अधिकांश तेल-तिलहन में गिरावट

Ads

शिकॉगो बाजार बंद होने के कारण कामकाज सुस्त रहने से अधिकांश तेल-तिलहन में गिरावट

  •  
  • Publish Date - February 16, 2026 / 08:49 PM IST,
    Updated On - February 16, 2026 / 08:49 PM IST

नयी दिल्ली, 16 फरवरी (भाषा) शिकॉगो एक्सचेंज बंद रहने के कारण कामकाज सुस्त होने की वजह से देश के तेल-तिलहन बाजार में सोमवार को सरसों, मूंगफली तेल-तिलहन, सोयाबीन तेल, पाम-पामोलीन तथा बिनौला तेल के दाम गिरावट के साथ बंद हुए जबकि गत दो दिन में डी-आयल्ड केक (डीओसी) की स्थानीय मांग बढ़ने के मद्देनजर सोयाबीन प्लांट वालों द्वारा तिलहन का दाम बढ़ाने के कारण सोयाबीन तिलहन के दाम में सुधार रहा।

शिकॉगो एक्सचेंज आज बंद था। वहीं दोपहर 3.30 बजे मलेशिया एक्सचेंज गिरावट के साथ बंद हुआ। शिकॉगो एक्सचेंज बंद होने से मलेशिया एक्सचेंज में भी कामकाज सुस्त रहा।

बाजार सूत्रों ने कहा कि सरसों के दाम महंगे हैं और इस वजह से मांग भी कमजोर है। नयी फसल तैयार खड़ी है और दाम टूटने का इंतजार कर रहे कारोबारी संभल-संभल कर जरुरत भर की ही खरीद कर रहे हैं। अगले 10-15 दिन में मौसम खुलने के बाद सरसों की आवक बढ़ने के पूरे आसार दिख रहे हैं।

उन्होंने कहा कि विदेशी बाजार के बंद होने और कामकाज सुस्त रहने की वजह से मूंगफली तेल-तिलहन के दाम भी गिरावट दर्शाते बंद हुए।

सूत्रों ने कहा कि महाराष्ट्र में किसानों को पहले सोयाबीन के अच्छे दाम मिल चुके हैं और वे सस्ते में बिकवाली करने से बच रहे हैं जिसकी वजह से बाजार में सोयाबीन की उपलब्धता कम है। सोयाबीन की इस कमी को पूरा करने के लिए पिछले दो दिन में महाराष्ट्र के प्लांट वालों ने सोयाबीन तिलहन के दाम में 150 रुपये प्रति क्विंटल तक की वृद्धि की है। इस वजह से केवल सोयाबीन तिलहन में सुधार है।

उन्होंने कहा कि दूसरी ओर, शिकॉगो एक्सचेंज बंद होने और कामकाज सुस्त रहने के बीच सोयाबीन तेल में गिरावट देखी गई। मंगलवार को शिकॉगो एक्सचेंज के खुलने पर आगे के कारोबार के बारे में कोई संकेत मिल सकता है।

सूत्रों ने कहा कि सीपीओ और पामोलीन तेल के दाम में गिरावट रही। बाजार धारणा प्रभावित रहने के बीच बिनौला तेल में भी गिरावट देखी गई।

तेल-तिलहनों के भाव इस प्रकार रहे:

सरसों तिलहन – 6,825-6,850 रुपये प्रति क्विंटल।

मूंगफली – 7,100-7,475 रुपये प्रति क्विंटल।

मूंगफली तेल मिल डिलिवरी (गुजरात) – 17,400 रुपये प्रति क्विंटल।

मूंगफली रिफाइंड तेल – 2,760-3,060 रुपये प्रति टिन।

सरसों तेल दादरी- 14,000 रुपये प्रति क्विंटल।

सरसों पक्की घानी- 2,360-2,460 रुपये प्रति टिन।

सरसों कच्ची घानी- 2,360-2,505 रुपये प्रति टिन।

सोयाबीन तेल मिल डिलिवरी दिल्ली- 14,275 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन मिल डिलिवरी इंदौर- 13,900 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन तेल डीगम, कांडला- 11,150 रुपये प्रति क्विंटल।

सीपीओ एक्स-कांडला- 11,700 रुपये प्रति क्विंटल।

बिनौला मिल डिलिवरी (हरियाणा)- 12,950 रुपये प्रति क्विंटल।

पामोलिन आरबीडी, दिल्ली- 13,550 रुपये प्रति क्विंटल।

पामोलिन एक्स- कांडला- 12,450 रुपये (बिना जीएसटी के) प्रति क्विंटल।

सोयाबीन दाना – 5,400-5,450 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन लूज- 5,000-5,050 रुपये प्रति क्विंटल।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय