मुंबई मेट्रो ग्रामीण इलाकों के डेयरी उत्पादों के लिए बड़े बाज़ार तक पहुंच दिला सकती है: फडणवीस

मुंबई मेट्रो ग्रामीण इलाकों के डेयरी उत्पादों के लिए बड़े बाज़ार तक पहुंच दिला सकती है: फडणवीस

मुंबई मेट्रो ग्रामीण इलाकों के डेयरी उत्पादों के लिए बड़े बाज़ार तक पहुंच दिला सकती है: फडणवीस
Modified Date: June 16, 2026 / 08:25 pm IST
Published Date: June 16, 2026 8:25 pm IST

मुंबई, 16 जून (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को कहा कि मुंबई मेट्रो, ग्रामीण इलाकों से डेयरी और अन्य कृषि उत्पादों को ज्यादा ग्राहकों तक पहुंचाने के लिए एक असरदार माध्यम बन सकती है, जिससे किसानों को राज्य की राजधानी में एक खास बाजार मिल सकेगा।

सीएसएमटी मेट्रो स्टेशन पर वारणा कोऑपरेटिव मिल्क प्रोड्यूसर्स यूनियन के डेयरी उत्पाद बिक्री केन्द्र के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए फडणवीस ने कहा कि मेट्रो लाइन तीन, मुंबई की नई जीवन रेखा बनकर उभरी है और यह एशिया का सबसे लंबा ‘सिंगल अंडरग्राउंड मेट्रो कॉरिडोर’ है।

उन्होंने कहा, ‘‘परिवहन सेवाएं देने के अलावा, मेट्रो स्टेशन आर्थिक गतिविधियों के केंद्र के तौर पर भी काम कर सकते हैं।’’

इस मौके पर डेयरी विकास मंत्री अतुल सावे, महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर, विधायक विनय कोरे, बीएमसी आयुक्त और मुंबई मेट्रो रेल कॉरपोरेशन र्पोरेशन के प्रबंध निदेशक अश्विनी भिड़े मौजूद थे।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मेट्रो स्टेशनों पर वाणिज्यिक पहल से ग्रामीण उत्पादों के सीधे शहरी ग्राहकों तक पहुंचने के मौके बनते हैं। कोल्हापुर और महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में किसानों द्वारा तैयार किए गए अच्छी गुणवत्ता के डेयरी उत्पाद अब इस बिक्री केन्द्र के जरिये मुंबई में उपलब्ध होंगे।’’

उन्होंने कहा कि ऐसी पहल से किसानों को बेहतर बाजार तक पहुंचने में मदद मिलेगी और साथ ही ग्राहक आसानी से अच्छी गुणवत्ता के उत्पाद खरीद सकेंगे।

उन्होंने कहा कि ये बिक्री केन्द्र रोजगार पैदा करने, व्यापार बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में भी योगदान देंगे।

वारणा बिक्री केन्द्र को सिर्फ एक वाणिज्यिक उद्यम से कहीं ज्यादा बताते हुए फडणवीस ने कहा कि यह कोल्हापुर जिले के किसानों के आत्म-सम्मान और उद्यमशीलता का प्रतीक है। उन्होंने किसान और महिला सशक्तिीरण में योगदान के लिए वारणा ग्रुप की तारीफ भी की।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय


लेखक के बारे में