मुंढे की लोगों से खुला खाद्य तेल नहीं खरीदने की अपील

मुंढे की लोगों से खुला खाद्य तेल नहीं खरीदने की अपील

मुंढे की लोगों से खुला खाद्य तेल नहीं खरीदने की अपील
Modified Date: August 20, 2026 / 08:31 pm IST
Published Date: August 20, 2026 8:31 pm IST

मुंबई, 20 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) के आयुक्त तुकाराम मुंढे ने बृहस्पतिवार को उपभोक्ताओं से खुला या बिना सील वाला खाद्य तेल न खरीदने की अपील की और इसे असुरक्षित बताया। उन्होंने कहा कि मिलावट समेत नियमों के उल्लंघन का पता चलने के बाद इस क्षेत्र के लिए अनुपालन आदेश जारी किया गया है।

मुंढे ने कहा कि एफडीए ने बृहस्पतिवार को खाद्य तेल के क्षेत्र के लिए अनुपालन आदेश जारी किया। इसमें मिलावट, असुरक्षित पैकेजिंग और गलत तरीके से भंडारण और परिवहन जैसे उल्लंघन शामिल हैं। मुंढे ने मई में कार्यभार संभालने के बाद खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता में खामियों को दूर करने के लिए राज्यव्यापी प्रवर्तन अभियान शुरू किया है।

उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘खुला या बिना सील वाला तेल असुरक्षित होता है। इसमें बैच नंबर या स्रोत के बारे में जानकारी नहीं होती, जिससे इसका पता लगाना और कार्रवाई करना मुश्किल हो जाता है। खुला खाद्य तेल न खरीदें। यदि आप पैकेटबंद तेल खरीदते हैं, तो लेबल, निर्माण और समाप्ति की तारीखें देखें और सुनिश्चित करें कि पैकेज ठीक से सील किया गया हो। पुरानी या दोबारा इस्तेमाल की गई पैकेजिंग में पैक किया गया तेल न खरीदें।’’

उन्होंने कहा कि अनुपालन आदेश में खाद्य तेल का कारोबार करने वाले सभी खाद्य व्यवसाय संचालक शामिल हैं, जिनमें तेल निकालने वाली इकाइयां, सॉल्वेंट एक्सट्रैक्शन इकाइयां, ब्लेंडर, पैकेजिंग इकाइयां, आयातक, सुपरमार्केट, ई-कॉमर्स मंच और खुदरा दुकानें आती हैं।

उन्होंने कहा कि यह आदेश मूंगफली, सरसों, सूरजमुखी, चावलभूसी, पाम, नारियल और मक्का जैसे तेलों पर लागू होता है। यह एक जरूरी कदम था क्योंकि तेल का बड़े पैमाने पर सेवन किया जाता है और यह भोजन का एक अहम हिस्सा है।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय


लेखक के बारे में