सनशाइन पिक्चर्स के आईपीओ को मिला 106 गुना अभिदान
सनशाइन पिक्चर्स के आईपीओ को मिला 106 गुना अभिदान
नयी दिल्ली, 20 अगस्त (भाषा) फिल्म और टेलीविजन निर्माता-निर्देशक विपुल शाह की कंपनी सनशाइन पिक्चर्स लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को बृहस्पतिवार को बोली के आखिरी दिन निवेशकों से जबर्दस्त प्रतिक्रिया प्राप्त हुई और इसे 105.81 गुना बोलियां प्राप्त हुई।
एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, 282 करोड़ रुपये के इस आईपीओ में 54,86,051 शेयरों की पेशकश के मुकाबले 58,04,90,382 शेयरों के लिए बोलियां मिलीं।
गैर-संस्थागत निवेशकों की श्रेणी को 197.04 गुना बोलियां प्राप्त हुई। पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) के हिस्से को 123.52 गुना बोलियां मिलीं और खुदरा निवेशकों के कोटा को 56.60 गुना बोलियां प्राप्त हुई।
सनशाइन पिक्चर्स लिमिटेड ने सोमवार को नौ एंकर निवेशकों से 84.64 करोड़ रुपये जुटाए।
आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 342-360 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है।
आईपीओ में 48 लाख शेयरों का नया निर्गम और 30.37 लाख इक्विटी शेयरों का बिक्री पेशकश (ओएफएस) शामिल है, जिससे कुल पेशकश का आकार 78.37 लाख शेयर हो जाता है।
कंपनी आईपीओ से मिलने वाली रकम में से 112.50 करोड़ रुपये तक का इस्तेमाल, अपनी लंबी अवधि की कार्यशील पूंजी जरूरतों को पूरा करने के लिए करने की योजना बना रही है, जबकि बाकी राशि सामान्य कंपनी कामकाज पर खर्च की जाएगी।
मूल्य दायरे के ऊपरी स्तर पर, सनशाइन पिक्चर्स का निर्गम बाद बाजार पूंजीकरण लगभग 1,121 करोड़ रुपये, जबकि निचले स्तर पर लगभग 1,065 करोड़ रुपये बैठता है।
सनशाइन पिक्चर्स के शेयर को 25 अगस्त को बीएसई और एनएसई दोनों पर सूचीबद्ध करने का प्रस्ताव है।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय

Facebook


