मुंद्रा बंदरगाह में जनवरी में वाहनों का निर्यात, तरल माल की निकासी रिकॉर्ड स्तर पर

Ads

मुंद्रा बंदरगाह में जनवरी में वाहनों का निर्यात, तरल माल की निकासी रिकॉर्ड स्तर पर

  •  
  • Publish Date - February 8, 2026 / 11:10 AM IST,
    Updated On - February 8, 2026 / 11:10 AM IST

नयी दिल्ली, आठ फरवरी (भाषा) गुजरात स्थित अदाणी समूह के मुंद्रा बंदरगाह ने जनवरी 2026 में वाहन निर्यात और तरल माल (लिक्विड कार्गो) की निकासी में भारी वृद्धि दर्ज की है। बंदरगाह ने कई परिचालन रिकॉर्ड स्थापित किए हैं, जो भारत के व्यापार और निर्यात प्रवाह को समर्थन देने में बड़े, एकीकृत बंदरगाहों की बढ़ती भूमिका को रेखांकित करते हैं।

अधिकारियों ने कहा कि बंदरगाह ने अब तक का सबसे अधिक मासिक वाहन निर्यात दर्ज किया, जिसमें अदाणी मुंद्रा कंटेनर टर्मिनल (सीटी2) के समर्पित रोल-ऑन/रोल-ऑफ (रो-रो) टर्मिनल के माध्यम से 25,762 वाहनों का निर्यात किया गया। यह आंकड़ा मई 2024 में स्थापित पिछले मासिक रिकॉर्ड से अधिक है, जो भारत में बने वाहनों की निरंतर विदेशी मांग को दर्शाता है।

बंदरगाह अधिकारियों के अनुसार मारुति सुजुकी और टोयोटा सहित वाहन निर्माताओं ने महीने के दौरान मुंद्रा के माध्यम से निर्यात को बढ़ाया, जिसमें अफ्रीका, यूरोप, पूर्वी एशिया, ऑस्ट्रेलिया और पश्चिम के बाजारों के लिए शिपमेंट भेजे गए।

मुंद्रा ने जनवरी में एक ही जहाज पर सबसे अधिक लोडिंग का भी नया रिकॉर्ड बनाया, जिसमें एक ही पोत पर 5,701 वाहनों को लोड किया गया। यह बंदरगाह पर एक ही आवाजाही में प्रबंधित की गई अब तक की सबसे अधिक संख्या है।

अधिकारियों ने कहा कि अलग से, बंदरगाह के ‘लिक्विड टर्मिनल’ ने जनवरी में 11.20 लाख टन तरल माल का प्रबंधन किया, जो इसका अब तक का सबसे अधिक मासिक रिकॉर्ड है और दिसंबर 2025 में दर्ज पिछले उच्च स्तर से अधिक है। यह वृद्धि ऊर्जा उत्पादों, रसायनों और औद्योगिक तरल पदार्थों सहित कई कार्गो श्रेणियों को एक साथ संभालने की मुंद्रा की क्षमता को उजागर करती है।

भाषा सुमित पाण्डेय

पाण्डेय