नयी दिल्ली, 26 मई (भाषा) नंदन नीलेकणि की उद्यम पूंजी कंपनी फंडामेंटम पार्टनरशिप ने मंगलवार को भारत में कृत्रिम मेधा (एआई) और अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में काम कर रही कंपनियों को समर्थन देने के लिए 3,000 करोड़ रुपये के शुरुआती कोष के साथ एक अलग निवेश मंच फंडामेंटम फ्रंटियर एडवाइजर्स (एफ2ए) शुरू करने की घोषणा की।
कंपनी के एक बयान के अनुसार, मंच का पहले सेबी की मंजूरी वाले कोष… फंडामेंटम तीन-एआई और डीपटेक (अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी) – का लक्ष्य 2,000 करोड़ रुपये है। इसके साथ एफ2ए सह-निवेश में 1,000 करोड़ रुपये तक का प्रबंधन भी करेगा।
कोष और सह-निवेश दोनों संरचनाओं के माध्यम से, एफ2ए प्रौद्योगिकी आधारित कंपनियों पर ध्यान केंद्रित करेगा। इसमें विशेष रूप से उपभोक्ता, उद्यम और भौतिक एआई के क्षेत्र में अग्रणी कंपनियां शामिल हैं।
इस मंच के प्रमुख निवेशक नीलेकणि ने कहा कि प्रौद्योगिकी-आधारित नवोन्मेष सभी क्षेत्रों में नए अवसर पैदा कर रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘दीर्घकालिक सोच और सशक्त क्रियान्वयन क्षमताओं को संयोजित करने वाले मंच इस विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।’’
फंडामेंटम 2017 में स्थापित एक निवेश कंपनी है। इसने फार्मईजी, स्पिननी, कुकुएफएम, विशलिंक और ओलिव जैसी कंपनियों को समर्थन दिया है।
फंडामेंटम के सह-संस्थापक आशीष कुमार ने कहा कि एफ2ए का अगले छह से नौ महीनों में औसतन एक करोड़ अमेरिकी डॉलर के साथ चार से पांच निवेश का लक्ष्य है।
भाषा अजय
अजय