एनसीडीईएक्स ने काली मिर्च वायदा कारोबार फिर शुरू किया

Ads

एनसीडीईएक्स ने काली मिर्च वायदा कारोबार फिर शुरू किया

  •  
  • Publish Date - July 10, 2026 / 04:24 PM IST,
    Updated On - July 10, 2026 / 04:24 PM IST

मुंबई, 10 जुलाई (भाषा) जिंस बाजार एनसीडीईएक्स ने काली मिर्च (ब्लैक पेपर) के वायदा कारोबार को फिर शुरू करने की घोषणा की है।

कंपनी ने एक बयान में कहा कि इस कदम का उद्देश्य भारत को इस मसाले के वैश्विक मूल्य निर्धारण का प्रमुख केंद्र बनाना है।

एनसीडीईएक्स ने कहा कि एक दशक से अधिक समय बाद काली मिर्च वायदा अनुबंध की वापसी से इस जिंस के लिए भारत में फिर से पारदर्शी मूल्य निर्धारण व्यवस्था उपलब्ध होगी। भारत दुनिया के सबसे बड़े काली मिर्च उत्पादकों, उपभोक्ताओं और प्रसंस्करण केंद्रों में शामिल है, लेकिन वर्तमान में इस जिंस के लिए दुनिया में कोई सक्रिय वायदा मानक उपलब्ध नहीं है।

एनसीडीईएक्स ने बताया कि इस वायदा अनुबंध का डिलीवरी केंद्र केरल का कोच्चि होगा, जो देश में मसालों के प्रमुख व्यापार एवं प्रसंस्करण केंद्रों में शामिल है।

नई व्यवस्था के तहत कारोबार की एक इकाई एक टन (1,000 किलोग्राम) होगी।

एनसीडीईएक्स ने कहा कि पहले जब काली मिर्च वायदा अनुबंध का कारोबार होता था, तब किसानों, व्यापारियों, निर्यातकों और प्रसंस्करण इकाइयों की इसमें अच्छी भागीदारी रहती थी। अनुबंध की समाप्ति पर डिलीवरी का अनुपात लगभग 100 प्रतिशत रहता था।

एनसीडीईएक्स के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अरुण आर ने कहा कि काली मिर्च वायदा अनुबंध की दोबारा शुरुआत का उद्देश्य व्यापार के लिए भारत आधारित, विश्वसनीय और पारदर्शी मूल्य संकेतक उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि मजबूत डेरिवेटिव बाजार से किसानों, प्रसंस्करण इकाइयों, निर्यातकों और व्यापारियों को कीमतों में उतार-चढ़ाव के जोखिम का बेहतर प्रबंधन करने में मदद मिलेगी और वैश्विक मसाला कारोबार में भारत की स्थिति मजबूत होगी।

भाषा

योगेश रमण

रमण