नेटवर्क18 का समाचार कारोबार में नेतृत्व मजबूत करने, नए क्षेत्रों में विस्तार पर जोर: चेयरमैन

Ads

नेटवर्क18 का समाचार कारोबार में नेतृत्व मजबूत करने, नए क्षेत्रों में विस्तार पर जोर: चेयरमैन

  •  
  • Publish Date - August 22, 2026 / 04:03 PM IST,
    Updated On - August 22, 2026 / 04:03 PM IST

नयी दिल्ली, 22 अगस्त (भाषा) मीडिया कंपनी नेटवर्क18 अगले एक साल में समाचार कारोबार में अपनी स्थिति और मजबूत करने के साथ इससे जुड़े नए क्षेत्रों में विस्तार करेगी। कंपनी ने अपनी नवीनतम वार्षिक रिपोर्ट में यह जानकारी दी।

कंपनी के चेयरमैन आदिल जैनुलभाई ने शेयरधारकों को संबोधित करते हुए कहा कि चुनौतीपूर्ण आर्थिक माहौल और अस्थिर एवं अनिश्चित वैश्विक परिस्थितियों के बीच कंपनी अधिक चुस्त और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप संगठन तैयार करना चाहती है।

नेटवर्क18 को नए उत्पादों, क्षेत्रीय विस्तार और दर्शकों से बेहतर जुड़ाव के जरिये अधिक विविध और मजबूत कारोबार मॉडल तैयार करने में महत्वपूर्ण अवसर दिखाई दे रहे हैं।

जैनुलभाई ने कहा, ‘‘हमारा ध्यान आने वाले वर्ष में प्रदर्शन के स्तर को और बेहतर करने, समाचार कारोबार में अपनी नेतृत्व स्थिति मजबूत करने और इससे जुड़े नए क्षेत्रों में सोच-समझकर विस्तार करने पर रहेगा।’’

उन्होंने कहा कि कंपनी अपने मजबूत ब्रांड, दर्शकों से जुड़ी जानकारी और डिजिटल क्षमताओं का लाभ उठाकर अधिक चुस्त तथा भविष्य की जरूरतों के अनुरूप संगठन तैयार करेगी।

कंपनी ने कहा, ‘‘मजबूत ब्रांड, दर्शकों की गहरी समझ, नवाचार की संस्कृति और भविष्य के लिए तैयार रणनीति के दम पर हम भारत के सबसे व्यापक और प्रभावशाली मीडिया नेटवर्क के रूप में अपनी स्थिति मजबूत करते रहेंगे।’’

वित्त वर्ष 2025-26 के प्रदर्शन के बारे में जैनुलभाई ने कहा कि कमजोर आर्थिक माहौल के बावजूद नेटवर्क18 ने मजबूत प्रदर्शन किया और उसका एकीकृत राजस्व 4.7 प्रतिशत बढ़कर 2,121 करोड़ रुपये हो गया।

उन्होंने कहा कि अगर चुनाव से जुड़े विज्ञापनों के कारण पिछले वित्त वर्ष की पहली तिमाही में रही ऊंची आधार दर को हटा दिया जाए, तो राजस्व वृद्धि सात प्रतिशत रही।

उन्होंने कहा, ‘‘इससे हम उपभोक्ता मांग को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे नीतिगत उपायों और व्यापक आर्थिक पहलों का लाभ उठाने के लिए मजबूत स्थिति में हैं।’’

भाषा योगेश पाण्डेय

पाण्डेय