बंगाल में नई सरकार से उद्योग जगत को औद्योगिकीकरण, निवेश अनुकूल नीतियों की उम्मीद

बंगाल में नई सरकार से उद्योग जगत को औद्योगिकीकरण, निवेश अनुकूल नीतियों की उम्मीद

बंगाल में नई सरकार से उद्योग जगत को औद्योगिकीकरण, निवेश अनुकूल नीतियों की उम्मीद
Modified Date: May 4, 2026 / 07:31 pm IST
Published Date: May 4, 2026 7:31 pm IST

कोलकाता, चार मई (भाषा) पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदर्शन पर उद्योग मंडलों और व्यापार संगठनों ने सोमवार को बधाई दी और उम्मीद जताई कि नई सरकार राज्य के आर्थिक वृद्धि को पटरी पर लाने के लिए औद्योगिकीकरण, बुनियादी ढांचे के निर्माण, निवेश अनुकूल नीतियों और केंद्र-राज्य के बीच मजबूत समन्वय पर ध्यान केंद्रित करेगी।

निर्वाचन आयोग के शाम सवा छह बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक, 294 सदस्यीय विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 35 सीटें जीत चुकी है और 170 अन्य पर आगे है। वहीं, 2011 से राज्य की सत्ता पर काबिज तृणमूल कांग्रेस को 15 सीटों पर विजेता घोषित किया गया है और वह 67 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।

भारत चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष नरेश पचीसिया ने कहा, “बंगाल के लिए एक नई शुरुआत का संकेत है, जहां बड़े निवेश, व्यापार विस्तार और औद्योगिकीकरण को गति देने के साथ केंद्र-राज्य संबंधों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।”

उन्होंने पारदर्शी और सुदृढ़ शासन, व्यवसाय-अनुकूल नीतियों, स्थिर श्रम संबंधों और निवेशकों के बीच राज्य की छवि सुधारने के लिए तत्काल कदम उठाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

पचीसिया ने कहा कि कम समय में निवेशकों का भरोसा बहाल करना पश्चिम बंगाल को एक प्रमुख औद्योगिक केंद्र के रूप में पुनर्जीवित करने के लिए महत्वपूर्ण होगा।

बंगाल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (बीसीसीआई) ने भी राज्य में सरकार बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी को प्रचंड जनादेश मिलने पर बधाई दी।

उद्योग मंडल ने बयान में कहा, “बीसीसीआई राज्य में ऐसा माहौल बनने की उम्मीद करता है जो निवेशकों के भरोसे, कारोबार सुगमता, औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और नीतिगत स्थिरता को और मजबूत करे।”

उसने कहा कि राज्य की आर्थिक क्षमता का लाभ उठाने के लिए रचनात्मक शासन और सहयोगात्मक विकास अहम होंगे।

बीसीसीआई ने निवेश को गति देने के लिए सरकार और उद्योग के बीच संस्थागत सहयोग, राजकोषीय मजबूती और प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहनों की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

पश्चिम बंगाल होजरी एसोसिएशन के अध्यक्ष सुदेश अग्रवाल ने उम्मीद जताई कि नई सरकार कपड़ा क्षेत्र को विशेष समर्थन देगी और केंद्र सरकार की योजनाओं के अनुरूप कदम उठाएगी।

उन्होंने कहा कि उद्योग को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, आधुनिक टेक्सटाइल पार्कों के विकास, बेहतर लॉजिस्टिक और एकीकृत मूल्य शृंखला के लिए मजबूत केंद्र-राज्य समन्वय की उम्मीद है।

अग्रवाल ने कहा, “बदलते वैश्विक परिदृश्य में, जहां आपूर्ति शृंखलाएं लगातार परिवर्तित हो रही हैं, राज्य के पास एक प्रतिस्पर्धी और भरोसेमंद वस्त्र केंद्र के रूप में उभरने की पर्याप्त क्षमता है। लेकिन इसके लिए जरूरी है कि नीतिगत इच्छाशक्ति के साथ समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।”

भाषा योगेश रमण

रमण


लेखक के बारे में