निप्पॉन लाइफ इंडिया का शुद्ध लाभ मार्च तिमाही में 29 प्रतिशत बढ़कर 385 करोड़ रुपये पर
निप्पॉन लाइफ इंडिया का शुद्ध लाभ मार्च तिमाही में 29 प्रतिशत बढ़कर 385 करोड़ रुपये पर
नयी दिल्ली, 27 अप्रैल (भाषा) निप्पॉन लाइफ इंडिया एसेट मैनेजमेंट का जनवरी-मार्च तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 29 प्रतिशत बढ़कर 384.48 करोड़ रुपये हो गया।
कंपनी ने पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 298.32 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया था।
निप्पॉन लाइफ इंडिया ने सोमवार को शेयर बाजार को वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही के इस वित्तीय नतीजे की सूचना दी।
समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी की कुल आय बढ़कर 705.20 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले इसी अवधि में 589.58 करोड़ रुपये थी।
वित्त वर्ष 2025-26 की पूरी अवधि में कंपनी का शुद्ध लाभ बढ़कर 1,529.38 करोड़ रुपये हो गया, जो इससे एक साल पहले 1,286.39 करोड़ रुपये था। इस दौरान कुल आय बढ़कर 2,933 करोड़ रुपये रही, जो 2024-25 में 2,521 करोड़ रुपये थी।
कंपनी के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी संदीप सिक्का ने कहा कि बेहतर क्रियान्वयन पर ध्यान देने से वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी की बाजार हिस्सेदारी में उद्योग में सबसे अधिक बढ़ोतरी हुई, जिससे रिकॉर्ड मुनाफा हासिल हुआ।
उन्होंने कहा कि शुद्ध बिक्री और व्यवस्थित निवेश योजना (एसआईपी) में कंपनी की बाजार हिस्सेदारी, इक्विटी प्रबंधन-अधीन परिसंपत्ति (एयूएम) हिस्सेदारी से अधिक बनी हुई है और हर तीन में से एक म्यूचुअल फंड निवेशक का भरोसा कंपनी पर है।
इस बीच, कंपनी के निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 10 रुपये अंकित मूल्य वाले प्रत्येक इक्विटी शेयर पर 12.50 रुपये का अंतिम लाभांश देने की सिफारिश की है। यह अनुशंसा आठ जुलाई को होने वाली वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन है।
इसके साथ ही वित्त वर्ष 2025-26 के लिए कुल लाभांश 21.50 रुपये प्रति शेयर हो जाएगा, जिसमें नवंबर 2025 में दिया गया नौ रुपये प्रति शेयर का अंतरिम लाभांश भी शामिल है।
भाषा प्रेम
प्रेम रमण
रमण

Facebook


