नयी दिल्ली, 26 फरवरी (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की एनटीपीसी ने सोमवार को कहा कि उसने अपने निजी इस्तेमाल वाली (कैप्टिव) खदानों से 10 करोड़ टन कोयला उत्पादन का आंकड़ा पार कर लिया है।
एनटीपीसी ने बयान में कहा कि यह उपलब्धि 25 फरवरी, 2024 को हासिल की गई।
कंपनी ने कहा, ‘‘कोयला खनन अनुषंगी कंपनी एनटीपीसी माइनिंग लिमिटेड (एनएमएल) ने एक जनवरी, 2017 को अपनी पहली कोयला खदान पकरी बरवाडीह में कोयला उत्पादन शुरू होने के बाद से 10 करोड़ टन से अधिक का कोयले उत्पादन किया है।’’
एनटीपीसी ने कहा कि जहां पहले पांच करोड़ टन कोयला उत्पादन को 19 जून, 2022 को 1,995 दिनों में हासिल किया गया था, वहीं अगला पांच करोड़ टन कोयला उत्पादन केवल 617 दिनों में हासिल किया गया।
इसमें कहा गया है कि इसकी निजी उपयोग वाले खदानों से कोयला उत्पादन एनटीपीसी की ईंधन सुरक्षा और कुशल आपूर्ति सुनिश्चित करने में योगदान देता है।
एनटीपीसी माइनिंग लिमिटेड की पांच निजी उपयोग वाली परिचालन कोयला खदानें हैं। इनमें झारखंड में पकरी बरवाडीह, चट्टी बरियातु और केरंडारी कोयला खदानें, ओडिशा में दुलंगा कोयला खदान और छत्तीसगढ़ में तलाईपल्ली कोयला खदान।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय