ओडिशा सरकार ने 76,612 करोड़ रुपये के 20 निवेश प्रस्तावों को मंजूरी दी

Ads

ओडिशा सरकार ने 76,612 करोड़ रुपये के 20 निवेश प्रस्तावों को मंजूरी दी

  •  
  • Publish Date - June 18, 2026 / 11:03 AM IST,
    Updated On - June 18, 2026 / 11:03 AM IST

भुवनेश्वर, 18 जून (भाषा) ओडिशा सरकार ने 76,612 करोड़ रुपये के 20 निवेश प्रस्तावों को मंजूरी दी है। इनसे राज्य में पांच लाख से अधिक लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।

इन परियोजनाओं को बुधवार को मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय मंजूरी प्राधिकरण (एचएलसीए) की बैठक में स्वीकृति दी गई।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ प्रगतिशील नीतियों, मजबूत अवसंरचना और कारोबार को आसान बनाने की प्रतिबद्धता के साथ ओडिशा उभरते एवं पारंपरिक दोनों क्षेत्रों में निवेश आकर्षित कर रहा है। ये परियोजनाएं रोजगार सृजन, औद्योगिक विविधीकरण और समावेशी आर्थिक वृद्धि में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।’’

अधिकारियों ने बताया कि ये परियोजनाएं रत्न निर्माण, हरित ऊर्जा उपकरण, वैमानिकी एवं रक्षा, दुर्लभ खनिज आधारित उत्पाद, औषधि, यांत्रिक एवं विद्युत पूंजीगत वस्तुएं, रसायन, इस्पात, लौह एवं फेरो मिश्रधातु तथा ऊर्जा एवं नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों से जुड़ी हैं।

रत्न क्षेत्र में किरा डायम एलएलपी, अंजलि लैबटेक लिमिटेड और ग्रो मैग्निफिसेंट प्राइवेट लिमिटेड ने खुर्दा में प्रयोगशाला में तैयार हीरे की निर्माण इकाइयां स्थापित करने का प्रस्ताव दिया है। इन परियोजनाओं में कुल 9,817.50 करोड़ रुपये का निवेश होगा और 8,100 लोगों को रोजगार मिलेगा।

हरित ऊर्जा उपकरण क्षेत्र में टाटा पावर रिन्यूएबल एनर्जी लिमिटेड गंजाम जिले में 10,000 करोड़ रुपये के निवेश से सौर पीवी सेल विनिर्माण इकाई स्थापित करेगी, जबकि सात्विक सोलर इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड इसी जिले में 1,709.81 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।

एन.ए.एन. मैग्नेटेक प्राइवेट लिमिटेड खुर्दा/कटक में 1,250 करोड़ रुपये के निवेश से उच्च क्षमता वाले ईवी ग्रेड मैग्नेट विनिर्माण संयंत्र लगाएगी, जबकि लार्सन एंड टुब्रो लिमिटेड गंजाम में 2,400 करोड़ रुपये के निवेश से स्थायी मैग्नेट विनिर्माण इकाई स्थापित करेगी।

इसके अलावा वर्ल्ड टाइटेनियम इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड गंजाम में 2,800 करोड़ रुपये के निवेश से टाइटेनियम डाइऑक्साइड उत्पादन इकाई स्थापित करेगी।

विनिर्माण क्षेत्र में रत्नमणि मेटल्स एंड ट्यूब्स लिमिटेड जाजपुर में 1,642 करोड़ रुपये के निवेश से विशेष इस्पात संयंत्र लगाएगी।

औषधि क्षेत्र में नेक्टर लाइफसाइंसेज लिमिटेड संबलपुर में 1,170 करोड़ रुपये के निवेश से दवा विनिर्माण इकाई स्थापित करेगी, जबकि जुपिटर वैगन्स लिमिटेड जाजपुर में 1,500 करोड़ रुपये के निवेश से रेलवे कोच निर्माण संयंत्र लगाएगी।

इस्पात एवं संबंधित क्षेत्रों में रश्मि मेटलर्जिकल इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड जाजपुर में 15,000 करोड़ रुपये के निवेश से एकीकृत इस्पात संयंत्र स्थापित करेगी। श्याम मेटालिक्स एंड एनर्जी लिमिटेड संबलपुर में 7,580 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।

एसएमसी पावर जनरेशन लिमिटेड (बड़माल) झारसुगुड़ा में 5,350 करोड़ रुपये और एसएमसी पावर जनरेशन लिमिटेड (हिरमा) 3,800 करोड़ रुपये का निवेश कर अपने संयंत्रों का विस्तार करेगी।

बीआर स्टील एंड पावर प्राइवेट लिमिटेड संबलपुर में 2,400 करोड़ रुपये के निवेश से इस्पात संयंत्र स्थापित करेगी, जबकि ओडिशा अलॉय स्टील प्राइवेट लिमिटेड सुंदरगढ़ में 1,200 करोड़ रुपये के निवेश से लौह अयस्क प्रसंस्करण संयंत्र लगाएगी।

ऊर्जा एवं नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में राजपुष्पा रेनोवा एलएलपी मलकानगिरी में 5,220 करोड़ रुपये के निवेश से जलविद्युत परियोजना स्थापित करेगी, जिससे 500 लोगों को रोजगार मिलेगा। इसके अलावा केयू ऊर्जा प्राइवेट लिमिटेड झारसुगुड़ा में 2,471.98 करोड़ रुपये के निवेश से कोयला आधारित तापीय विद्युत संयंत्र लगाएगी।

रसायन क्षेत्र में सिंघल स्टील एंड पावर प्राइवेट लिमिटेड रायगढ़ा में 1,300.57 करोड़ रुपये के निवेश से एल्युमिनियम उत्पाद विनिर्माण इकाई स्थापित करेगी। भाषा निहारिका

निहारिका