लॉयड्स एंटरप्राइजेज, दो अधिकारियों ने 4.16 करोड़ रुपये में सेबी के साथ मामला निपटाया

Ads

लॉयड्स एंटरप्राइजेज, दो अधिकारियों ने 4.16 करोड़ रुपये में सेबी के साथ मामला निपटाया

  •  
  • Publish Date - September 29, 2026 / 10:07 PM IST,
    Updated On - September 29, 2026 / 10:07 PM IST

नयी दिल्ली, 29 सितंबर (भाषा) लॉयड्स एंटरप्राइजेज और उसके दो वरिष्ठ अधिकारियों ने बाजार नियामक सेबी को कुल 4.16 करोड़ रुपये का भुगतान कर कथित धोखाधड़ी गतिविधियों और खुलासा संबंधी चूक से जुड़े मामले का निपटान कर लिया है।

भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के मंगलवार को जारी आदेश के मुताबिक, कंपनी ने 1.28 करोड़ रुपये, उसके प्रवर्तक एवं कार्यकारी निदेशक राजेश राजनारायण गुप्ता ने 1.44 करोड़ रुपये और मुख्य वित्त अधिकारी वीरेश शंकर सोहनी ने 1.44 करोड़ रुपये का भुगतान किया।

यह मामला नवंबर, 2023 में बीएसई से कंपनी द्वारा बताए गए अग्रिमों में अनियमितताओं को लेकर सूचना मिलने के बाद शुरू हुई सेबी की जांच से जुड़ा है।

सेबी की जांच में कंपनी के वित्तीय विवरणों में 144.82 करोड़ रुपये के ऋणों से संबंधित कुछ अनियमितताएं और संबंधित पक्षों के खुलासे में चूक पाई गई थी।

इसके बाद कंपनी और दोनों अधिकारियों ने सेबी के समक्ष मामले का निपटान करने के आवेदन दाखिल किए। उन्होंने तथ्यों और कानूनी निष्कर्षों को न तो स्वीकार और न ही खारिज करते हुए मामले को निपटाने का प्रस्ताव रखा था।

सेबी के पूर्णकालिक सदस्यों के पैनल ने जुलाई में संशोधित समझौता शर्तों को मंजूरी दी। इसके बाद आवेदकों ने समझौता राशि जमा कर दी, जिसकी सेबी ने पुष्टि कर दी।

सेबी के पूर्णकालिक सदस्यों संदीप प्रधान और के. वी. आर. मूर्ति ने आदेश में कहा कि आवेदकों के संबंध में उल्लंघनों के लिए शुरू की जा सकने वाली कार्यवाही का निपटारा कर दिया गया है।

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय