मुंबई, दो फरवरी (भाषा) जनवरी महीने के दौरान कार्यालय में काम करने वाले कर्मचारियों की भर्तियों में सालाना आधार पर तीन प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई जिसमें सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) से इतर क्षेत्रों की अहम भूमिका रही। सोमवार को एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई।
भर्तियों से संबंधित ऑनलाइन पोर्टल नौकरी डॉटकॉम की रिपोर्ट कहती है कि जनवरी में जॉबस्पीक सूचकांक 2,637 अंक पर रहा जो जनवरी, 2025 के 2,550 अंकों से तीन प्रतिशत अधिक है।
रिपोर्ट के मुताबिक, यह वृद्धि मुख्य रूप से गैर-आईटी क्षेत्रों और नए स्नातकों की भर्ती के कारण हुई। बीपीओ/आईटीईएस में 21 प्रतिशत, आतिथ्य और यात्रा क्षेत्र में 15 प्रतिशत, बीमा में सात प्रतिशत और स्वास्थ्य सेवा में पांच प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई।
हालांकि, बैंकिंग और वित्तीय सेवा क्षेत्र में इस दौरान 15 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
आईटी क्षेत्र में कुल भर्ती स्थिर रही, लेकिन कृत्रिम मेधा (एआई) और मशीन लर्निंग से जुड़ी नौकरियों में 34 प्रतिशत की बढ़त रही। नए स्नातकों की भर्ती में आठ प्रतिशत वृद्धि देखी गई।
गैर-आईटी क्षेत्रों में तीन वर्ष तक का अनुभव वाले युवा कर्मचारियों की भर्ती में जनवरी में खास तेजी रही। इसमें आतिथ्य 33 प्रतिशत, बीमा 35 प्रतिशत, बीपीओ/ आईटीईएस 39 प्रतिशत और रियल एस्टेट 42 प्रतिशत बढ़ा।
भर्ती के लिहाज से कोयंबटूर और जयपुर प्रमुख केंद्र रहे जहां क्रमशः 16 और 15 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई। हैदराबाद में कुल भर्ती 10 प्रतिशत बढ़ी, जिसमें वैश्विक क्षमता केंद्रों में 14 प्रतिशत का उछाल रहा।
नौकरी डॉटकॉम के मुख्य व्यवसाय अधिकारी डॉ पवन गोयल ने कहा, “बीपीओ/ आईटीईएस और आतिथ्य जैसे प्रमुख क्षेत्रों में लगातार वृद्धि दिखना एक सकारात्मक संकेत है। इसके अलावा भारतीय आईटी कंपनियों का प्रदर्शन भी रोजगार बाजार के लिए भरोसा बढ़ाता है।”
रिपोर्ट कहती है कि हैदराबाद शहर वैश्विक क्षमता केंद्रों (जीसीसी) से जुड़ी भर्तियों में 14 प्रतिशत उछाल आने की वजह से कुल 10 प्रतिशत वृद्धि के साथ भर्तियों के मामले में सबसे आगे रहा।
इसके अलावा गैर-महानगर शहरों में कोयंबटूर और जयपुर ने क्रमशः 16 प्रतिशत एवं 15 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की।
भाषा प्रेम
प्रेम अजय
अजय