नयी दिल्ली, 20 मई (भाषा) इलेक्ट्रिक दोपहिया बनाने वाली कंपनी ओला इलेक्ट्रिक ने बुधवार को कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में उसका एकीकृत परिचालन राजस्व 265 करोड़ रुपये रहा है।
कंपनी ने बयान में कहा कि पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में उसका परिचालन राजस्व 2,253 करोड़ रुपये रहा।
कंपनी के मुताबिक, चौथी तिमाही में एकीकृत सकल मार्जिन 38.5 प्रतिशत रहा, जबकि पूरे वित्त वर्ष के लिए यह 30.6 प्रतिशत दर्ज किया गया।
ओला इलेक्ट्रिक ने जनवरी-मार्च तिमाही में 20,256 इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों और पूरे वित्त वर्ष में 1,73,794 इकाइयों की आपूर्ति की।
कंपनी ने कहा कि मार्च तिमाही में पहली बार वह अधिशेष नकदी की स्थिति में रही और यह 91 करोड़ रुपये रहा।
ओला इलेक्ट्रिक ने बताया कि अप्रैल में उसके दोपहिया वाहनों का पंजीकरण 20 प्रतिशत बढ़कर 12,166 इकाई हो गया, जबकि व्यापक इलेक्ट्रिक दोपहिया उद्योग में गिरावट देखी गई।
कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 में आपूर्ति बढ़ाने, लागत पर नियंत्रण, मार्जिन बनाए रखने और गीगाफैक्टरी के विस्तार पर ध्यान देने की बात कही है।
भाषा प्रेम
प्रेम अजय
अजय