नयी दिल्ली, 31 अगस्त (भाषा) साख निर्धारित करने वाली मूडीज रेटिंग्स ने सोमवार को कहा कि एचडीएफसी बैंक के सीईओ शशिधर जगदीशन के पद छोड़ने से ‘नेतृत्व परिवर्तन का जोखिम’ पैदा होता है और विभिन्न पक्षों का भरोसा बनाए रखने तथा किसी भी नकारात्मक साख प्रभाव को सीमित करने के लिए एक व्यवस्थित उत्तराधिकार प्रक्रिया महत्वपूर्ण होगी।
एचडीएफसी बैंक के प्रबंध निदेशक (एमडी) और सीईओ शशिधर जगदीशन ने शनिवार को कहा था कि 26 अक्टूबर को उनका मौजूदा कार्यकाल समाप्त होने पर वह फिर से नियुक्ति नहीं चाहेंगे। जगदीशन (61) बैंक प्रमुख के रूप में अपना दूसरा तीन साल का कार्यकाल पूरा कर रहे हैं। उन्होंने अक्टूबर 2020 में सीईओ का पद संभाला था।
मूडीज रेटिंग्स के एवीपी देवांग राजकोटिया ने कहा कि हालांकि प्रणालीगत रूप से महत्वपूर्ण बैंकों में नेतृत्व परिवर्तन से रणनीति के क्रियान्वयन और जोखिम प्रबंधन को लेकर अनिश्चितता पैदा हो सकती है, लेकिन एचडीएफसी बैंक की मजबूत साख, अनुभवी वरिष्ठ प्रबंधन और भारत में मूडीज द्वारा रेटिंग प्राप्त बैंकों के बीच सबसे मजबूत वित्तीय स्थिति इन जोखिमों को कम करती है।
राजकोटिया ने कहा, ”एक व्यवस्थित उत्तराधिकार प्रक्रिया और रणनीति क्रियान्वयन में निरंतरता संबंधित पक्षों का भरोसा बनाए रखने और किसी भी नकारात्मक साख प्रभाव को सीमित करने के लिए महत्वपूर्ण होगी।” हालांकि इस घटनाक्रम का पहले से अनुमान नहीं था, इसलिए एचडीएफसी बैंक के सीईओ का पद छोड़ना नेतृत्व परिवर्तन से संबंधित कुछ जोखिम पैदा करता है।
भाषा अजय पाण्डेय रमण
रमण