जुलाई में निजी इक्विटी/उद्यम पूंजी निवेश तीन प्रतिशत बढ़कर 4.1 अरब डॉलर: रिपोर्ट

Ads

जुलाई में निजी इक्विटी/उद्यम पूंजी निवेश तीन प्रतिशत बढ़कर 4.1 अरब डॉलर: रिपोर्ट

  •  
  • Publish Date - August 31, 2026 / 04:49 PM IST,
    Updated On - August 31, 2026 / 04:49 PM IST

मुंबई, 31 अगस्त (भाषा) भारत में निजी इक्विटी (पीई) और उद्यम पूंजी (वीसी) कोषों का निवेश जुलाई में सालाना आधार पर तीन प्रतिशत बढ़कर 4.1 अरब डॉलर हो गया। सलाहकार कंपनी ईवाई और उद्योग संगठन आईवीसीए की सोमवार को जारी रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई।

रिपोर्ट के अनुसार, जुलाई, 2025 में चार अरब डॉलर का निवेश हुआ था। जुलाई, 2026 में निवेश जून के 2.7 अरब डॉलर की तुलना में 52 प्रतिशत अधिक रहा।

इसमें कहा गया कि जुलाई, 2026 में सौदों की संख्या 111 रही, जो जुलाई, 2025 के 119 सौदों की तुलना में सात प्रतिशत कम है। इससे सौदों के आकार में वृद्धि का संकेत मिलता है। हालांकि, जुलाई में हुए सौदों की संख्या जून, 2026 के 80 सौदों से काफी अधिक रही।

सलाहकार कंपनी के साझेदार विवेक सोनी ने कहा, ‘‘भारत की व्यापक आर्थिक बुनियाद निवेश गतिविधियों के लिए अनुकूल बनी हुई है। पीई/वीसी (निजी इक्विटी एवं उद्यम पूंजी) कोष के पास बड़ी मात्रा में निवेश योग्य धन उपलब्ध होने से भू-राजनीतिक परिस्थितियों के स्थिर होने के साथ सौदों की गतिविधियां और तेज होने की उम्मीद है।’’

रिपोर्ट के अनुसार, जुलाई, 2026 में 10 बड़े सौदे हुए जिनका कुल मूल्य 2.8 अरब डॉलर रहा। यह कुल निवेश गतिविधियों का करीब 68 प्रतिशत था। इसमें ब्रुकफील्ड का लुमारा में 60 करोड़ डॉलर का निवेश सबसे बड़ा रहा।

जुलाई, 2026 में पीई/वीसी गतिविधियों में खरीद सौदों से जुड़े निवेश की हिस्सेदारी सबसे अधिक रही। इस श्रेणी में 1.4 अरब डॉलर का निवेश किया गया जो जुलाई, 2025 में किए गए 51.1 करोड़ डॉलर के निवेश से 176 प्रतिशत अधिक है। इसके बाद ऋण निवेश का स्थान रहा जिसमें 88 करोड़ डॉलर से अधिक का निवेश हुआ।

रिपोर्ट में कहा गया कि जुलाई, 2026 में स्टार्टअप कंपनियों में निवेश सालाना आधार पर 90 प्रतिशत बढ़कर 80.5 करोड़ डॉलर हो गया।

क्षेत्रवार देखें तो बुनियादी ढांचा क्षेत्र 1.5 अरब डॉलर के निवेश के साथ सबसे आगे रहा। इसके बाद वित्तीय सेवाओं में 64.9 करोड़ डॉलर और खाद्य एवं कृषि क्षेत्र में 33.5 करोड़ डॉलर का निवेश आया।

रिपोर्ट के अनुसार, जुलाई, 2026 में 1.6 अरब डॉलर मूल्य के 17 निकासी सौदे हुए जबकि जुलाई, 2025 में 26 निकासी सौदों के जरिये 9.2 अरब डॉलर निकाले गए थे। जुलाई, 2025 में टेमासेक ने श्नाइडर इलेक्ट्रिक में 6.4 अरब डॉलर का निवेश निकाला था।

जुलाई में पीई और वीसी कोषों ने आठ वित्त पोषण के दौर में 2.5 अरब डॉलर जुटाए, जबकि एक साल पहले की समान अवधि में 1.5 अरब डॉलर जुटाए गए थे।

भाषा निहारिका अजय

अजय