पेटीएम की मूल कंपनी वन 97 कम्युनिकेशंस की पहली बार ‘बोनस शेयर’ जारी करने की योजना
पेटीएम की मूल कंपनी वन 97 कम्युनिकेशंस की पहली बार ‘बोनस शेयर’ जारी करने की योजना
नयी दिल्ली, 16 जुलाई (भाषा) डिजिटल भुगतान मंच पेटीएम की मूल कंपनी वन 97 कम्युनिकेशंस लिमिटेड पहली बार ‘बोनस शेयर’ जारी करने की योजना बना रही है।
वित्त प्रौद्योगिकी कंपनी ने पहली बार समूचे वित्त वर्ष में लाभ दर्ज करने और भुगतान तथा वित्तीय सेवा कारोबार में अपनी बाजार हिस्सेदारी बढ़ाने के बाद यह फैसला लिया है।
कंपनी ने बुधवार को शेयर बाजारों को दी सूचना में कहा कि उसका निदेशक मंडल 20 जुलाई को होने वाली बैठक में 30 जून को समाप्त तिमाही (वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही) के वित्तीय परिणामों के साथ बोनस शेयर जारी करने के प्रस्ताव पर विचार करेगा। आवश्यक मंजूरियों के अधीन निदेशक मंडल उसी बैठक में बोनस शेयर का अनुपात और रिकॉर्ड तिथि भी तय करेगा।
पेटीएम ने वित्त वर्ष 2025-26 में 552 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया है जबकि 2024-25 में उसे 663 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था।
‘बोनस शेयर’ निर्गम के तहत मौजूदा शेयरधारकों को उनकी हिस्सेदारी के अनुपात में अतिरिक्त शेयर दिए जाते हैं। कंपनियां आमतौर पर अपनी वित्तीय मजबूती और दीर्घकालिक वृद्धि की संभावनाओं पर भरोसा जताने के लिए इस तरह की घोषणा करती हैं।
‘बोनस शेयर’ जारी होने से खुदरा निवेशकों के लिए शेयर अधिक सुलभ होने की भी उम्मीद है।
पेटीएम का शेयर लंबे समय से 1,000 रुपये से ऊपर कारोबार कर रहा है।
भाषा निहारिका
निहारिका

Facebook


