Petrol Diesel Price 02 April 2026: पेट्रोल 7 रुपए प्रति लीटर हुआ महंगा, डीजल के दाम भी छूने लगे आसमान, मिडिल ईस्ट की जंग का भारत में दिखा असर / Image: IBC24 Customized
नई दिल्ली: Petrol Diesel Price 02 April 2026: अमेरिका-इजरायल की ओर से ईरान पर लगातार किए जा रहे हमले के चलते अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतें आसमान छू रहे हैं। कच्चे तेल के दाम में तेजी से बढ़ोतरी का असर अब घरेलू बाजार में भी दिखने लगा है। पाकिस्तान, श्रीलंका, नेपाल बांग्लादेश सहित कई देशों में पेट्रोल-डीजल और गैस के दाम में तेजी देखने को मिली है। वहीं, अब इसका प्रभाव भारत में भी दिख रहा है। यहां भी पेट्रोल के रेट में 7.41 रुपए प्रति लीटर और डीजल के दाम में 25.01 प्रति लीटर की भारी वृद्धि हुई है। पेट्रोल-डीजल के नए दाम 1 अप्रैल 2026 से लागू कर दिए गए हैं।
Petrol Diesel Price 02 April 2026: मिली जानकारी के अनुसार निजी पेट्रोलियम कंपनी शेल इंडिया ने बेंगलुरु में शेल आउटलेट्स पर पेट्रोल के दाम में ₹7.41 प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है, जिसके बाद यहां प्रति लीटर पेट्रोल ₹119.85 और प्रीमियम पावर वेरिएंट की कीमत ₹129.85 प्रति लीटर हो गई है। बात करें डीलज की तो ₹25.01 प्रति लीटर की वृद्धि हुई है, जिसके बाद दाम बढ़कर ₹123.52 और प्रीमियम डीजल ₹133.52 प्रति लीटर पर पहुंच गया है।
बता दें कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चा तेल पिछले कई दिनों से 90 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर बना हुआ है। इसे ध्यान में रखते हुए दुनिया की दूसरी बड़ी तेल एवं गैस कंपनी शेल की भारतीय इकाई ने पिछले हफ्ते ईंधन कीमत में रोजाना चार रुपए की बढ़ोतरी की। वहीं शेल के पेट्रोल पंप पर पेट्रोल का भाव 117-118 रुपये प्रति लीटर चल रहा है। ज्ञात हो कि देशभर में शेल के 346 पेट्रोल पंप हैं।
हालांकि सार्वजनिक क्षेत्र की तेल वितरक कंपनियों के पेट्रोल पंप पर डीजल एवं पेट्रोल के भाव इससे कहीं कम हैं। सरकारी पेट्रोलियम कंपनियों के पेट्रोल पंप पर मुंबई में पेट्रोल 106.31 रुपये जबकि चेन्नई में 102.63 रुपये प्रति लीटर के भाव पर बिक रहा है। डीलरों का कहना है कि शेल के पेट्रोल पंप पर डीजल के दाम में चार रुपए प्रति लीटर की एक और बढ़ोतरी होने वाली है। ऐसा होने पर मुंबई में बृहस्पतिवार को डीजल के दाम 134 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच जाएंगे।
इस बारे में संपर्क किए जाने पर कंपनी के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘‘शेल इंडिया डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की पुष्टि करती है। हम अपने ग्राहकों की परेशानियों को समझते हैं लेकिन हमें बाजार में जारी उतार-चढ़ाव के चलते डीजल की कीमतें बढ़ाने का फैसला करना पड़ा है।’’ हालांकि, देश के अधिकांश हिस्से में सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनियों आईओसी, बीपीसीएल और एचपीसीएल के पेट्रोल पंपों की ही बहुतायत होने से ग्राहकों को अभी पुरानी दर पर ही डीजल एवं पेट्रोल मिल रहे हैं। इन कंपनियों के कुल 79,204 पेट्रोल पंप देशभर में मौजूद हैं।