नयी दिल्ली, 16 अप्रैल (भाषा) पोलारिस स्मार्ट मीटरिंग ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने अपनी इकाई हुगली स्मार्ट मीटरिंग के लिए ब्रिटेन के विकास वित्त संस्थान ब्रिटिश इंटरनेशनल इन्वेस्टमेंट (बीआईआई) से 710 करोड़ रुपये का वित्त पोषण हासिल किया है।
कंपनी ने बयान में कहा कि यह वित्त पोषण पश्चिम बंगाल में 22 लाख से अधिक स्मार्ट मीटर लगाने में मदद करेगा। इससे पोलारिस के आधुनिक मीटरिंग ढांचे (एएमआई) को मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।
पोलारिस एक स्वदेशी एकीकृत स्मार्ट मीटरिंग समाधान प्रदाता है, जो मीटर बनाने, लगाने, संचार बुनियादी ढांचे और सॉफ्टवेयर मंच पर सभी क्षमताएं मुहैया करती है।
पोलारिस के संस्थापक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) यशराज खेतान ने कहा, ‘‘यह वित्त पोषण भारत के लिए एक स्मार्ट, अधिक पारदर्शी और भविष्य के लिए तैयार बिजली वितरण पारिस्थितिकी तंत्र बनाने में मदद करने की पोलारिस की यात्रा में महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।’’
भाषा पाण्डेय अजय
अजय