स्टील बर्ड हाई-टेक की कुल आय में प्रीमियम हेलमेट की हिस्सेदारी में होगी वृद्धि

स्टील बर्ड हाई-टेक की कुल आय में प्रीमियम हेलमेट की हिस्सेदारी में होगी वृद्धि

स्टील बर्ड हाई-टेक की कुल आय में प्रीमियम हेलमेट की हिस्सेदारी में होगी वृद्धि
Modified Date: June 21, 2026 / 09:08 pm IST
Published Date: June 21, 2026 9:08 pm IST

मुंबई, 21 जून (भाषा) प्रमुख हेलमेट कंपनी स्टीलबर्ड हाई-टेक इंडिया की कुल आय में प्रीमियम खंड की हिस्सेदारी वर्ष 2032 तक 20 प्रतिशत तक पहुंच सकती है, क्योंकि इसके विशेष ब्रांड की मांग में वृद्धि हो रही है। कंपनी ने यह जानकारी दी।

स्टीलबर्ड हाई-टेक के प्रबंध निदेशक राजीव कपूर ने कहा कि पिछले वित्त वर्ष में उसकी आय 869 करोड़ रुपये रही, जिसमें प्रीमियम खंड का योगदान पांच प्रतिशत से भी कम था।

उन्होंने यह भी बताया कि कंपनी अगले पांच वर्षों में अपनी निर्माण क्षमता को बढ़ाकर 2.5 करोड़ हेलमेट तैयार करने का लक्ष्य रखती है। इसके साथ ही 2,500 करोड़ रुपये के टॉपलाइन (कुल कारोबार) का लक्ष्य भी रखा गया है और इसके लिए कंपनी 500 करोड़ रुपये निवेश करने की योजना बना रही है।

स्टीलबर्ड हाई-टेक के हिमाचल प्रदेश में सात और उत्तर प्रदेश के नोएडा में तीन विनिर्माण संयंत्र हैं। इसके अलावा एक अनुसंधान एवं विकास केंद्र तथा इटली में एक कार्यालय भी है।

कंपनी विभिन्न ब्रांड और खंडों में हेलमेट उपलब्ध कराती है, जिनमें प्रीमियम श्रेणी भी शामिल है।

कपूर ने कहा, “प्रीमियम खंड अभी इतना बड़ा नहीं है। यह कुल बाजार का पांच प्रतिशत भी नहीं है, लेकिन यह तेजी से वृद्धि कर रहा है और आने वाले वर्षों में (2032 तक) प्रीमियम हेलमेट बाजार की हिस्सेदारी लगभग 20 प्रतिशत हो जाएगी।”

उन्होंने बताया कि कंपनी का प्रीमियम ब्रांड ‘इग्नाइट’ उसका सबसे उन्नत ब्रांड है, जिसमें हेलमेट की कीमत 3,000 रुपये से शुरू होती है।

भाषा यासिर नरेश

नरेश


लेखक के बारे में