एआई की क्षमता का लाभ उठाने के लिए सार्वजनिक-निजी भागीदारी जरूरी: मेटा के अलेक्जेंडर वांग
एआई की क्षमता का लाभ उठाने के लिए सार्वजनिक-निजी भागीदारी जरूरी: मेटा के अलेक्जेंडर वांग
नयी दिल्ली, 19 फरवरी (भाषा) मेटा के मुख्य कृत्रिम मेधा (एआई) अधिकारी अलेक्जेंडर वांग ने बृहस्पतिवार को कहा कि एआई की संभावनाओं को पूरी तरह साकार करने के लिए सही नीतियों और निवेश की आवश्यकता है। उन्होंने इसकी क्षमता का लाभ उठाने के लिए साहसिक राष्ट्रीय रणनीतियों और सार्वजनिक-निजी सहयोग का आह्वान किया।
राजधानी में ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ को संबोधित करते हुए वांग ने सरकार और उद्योग के साथ मिलकर काम करने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि एआई के चार मुख्य स्तंभ… प्रतिभा, ऊर्जा, डेटा और कंप्यूट को विकसित करने के लिए मिलकर काम करना होगा ताकि यह नागरिकों और अर्थव्यवस्था के काम आ सके।
उन्होंने ऐसी नीतियों का समर्थन किया जो नवाचार को प्रोत्साहित करें, न कि असंगत नियमों का ऐसा जाल बुनें जो इस प्रौद्योगिकी के विकास को कठिन बना दे।
वांग ने कहा, ‘‘मैं नहीं चाहता कि ये अद्भुत प्रौद्योगिकियां सबके लिए एक जैसी हों। मैं चाहता हूं कि ये आपकी आवश्यकताओं के अनुरूप हों और उन्हें भारत, वैश्विक दक्षिण के समाज और पूरी दुनिया की अनूठी चुनौतियों और अवसरों को ध्यान में रखकर तैयार किया जाए।’’
उन्होंने कहा कि एआई को भौगोलिक स्थिति, भाषा या संस्कृति के भेदभाव के बिना हर व्यक्ति के लिए काम करना चाहिए।
वांग ने कहा, ‘‘यह तभी संभव होगा जब सार्वजनिक और निजी क्षेत्र एक साथ हों। हमें खुलेपन और सहयोग के इस दौर में साझा महत्वाकांक्षा के साथ भागीदार के रूप में काम करने की आवश्यकता है।’’
भाषा सुमित अजय
अजय

Facebook


