मुंबई: RBI Repo Rate Cut: मुंबई: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की 54वीं बैठक के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं। RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में ऐलान करते हुए बताया कि केंद्रीय बैंक ने देशवासियों को बड़ी राहत देते हुए रेपो रेट में 0.25% यानी 25 बेसिस पॉइंट की कटौती की है। इस कटौती के बाद रेपो रेट घटकर अब 6% पर आ गया है। यह लगातार दूसरी बार है जब वर्ष 2025 में RBI ने रेपो रेट में कटौती की है। इससे पहले फरवरी 2025 में हुई बैठक में भी 25 बेसिस पॉइंट की कटौती की गई थी जिसके बाद रेपो रेट 6.25% पर आ गया था।
RBI Repo Rate Cut: RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ने कहा कि ग्लोबल इकनॉमिक टेंशन और ट्रेड वॉर की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच यह फैसला लिया गया है। उन्होंने कहा कि नए कारोबारी वर्ष FY26 की शुरुआत चुनौतियों से भरी जरूर है लेकिन भारत की अर्थव्यवस्था बीते साल की सुस्ती से उबरकर अब बेहतर रफ्तार पकड़ चुकी है।
बैंक अब कम ब्याज दर पर लोन दे सकते हैं। मौजूदा होम लोन, ऑटो लोन, एजुकेशन लोन की EMI कम हो सकती है। नया लोन लेना अब पहले के मुकाबले अधिक किफायती होगा। बाजार में नकदी प्रवाह बढ़ेगा, जिससे आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। RBI का यह कदम मंदी के संकेतों से जूझ रही अर्थव्यवस्था को गति देने के उद्देश्य से उठाया गया माना जा रहा है। केंद्रीय बैंक का मानना है कि मौद्रिक नीति में नरमी से उपभोग बढ़ेगा और निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा।
गौरतलब है कि इससे पहले मई 2020 में RBI ने रेपो रेट में कटौती की थी। उसके बाद लगातार वृद्धि करते हुए इसे फरवरी 2023 में 6.5% तक ले जाया गया। लेकिन अब पांच साल बाद लगातार दो बार कटौती करके आम लोगों को राहत दी जा रही है।