आरबीआई अगले सप्ताह करेगा पांच अरब डॉलर की अदला-बदली नीलामी

Ads

आरबीआई अगले सप्ताह करेगा पांच अरब डॉलर की अदला-बदली नीलामी

  •  
  • Publish Date - May 20, 2026 / 07:11 PM IST,
    Updated On - May 20, 2026 / 07:11 PM IST

मुंबई, 20 मई (भाषा) भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) बैंकिंग प्रणाली में दीर्घकालिक नकदी बढ़ाने के लिए अगले सप्ताह पांच अरब डॉलर की डॉलर-रुपया खरीद-बिक्री अदला-बदली नीलामी करेगा।

केंद्रीय बैंक ने बुधवार को एक परिपत्र में कहा कि यह नीलामी 26 मई को आयोजित की जाएगी और इसकी अवधि तीन वर्ष की होगी।

यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले कमजोर हुआ है।

आरबीआई ने कहा कि इस अदला-बदली नीलामी के तहत बैंक उसे अमेरिकी डॉलर की बिक्री करेंगे और तय अवधि के अंत में उतनी ही राशि वापस खरीदने पर सहमति जताएंगे।

नीलामी में भाग लेने वाले बैंकों को उस प्रीमियम के आधार पर बोली लगानी होगी, जो वे अदला-बदली अवधि के लिए आरबीआई को देने को तैयार हैं। प्रतिभागियों को प्रीमियम पैसे में दो दशमलव स्थान तक बताना होगा।

केंद्रीय बैंक के मुताबिक, यह बहु-मूल्य आधारित नीलामी होगी, जिसमें सफल बोलियों को उनके द्वारा उल्लिखित प्रीमियम पर स्वीकार किया जाएगा।

अदला-बदली नीलामी में न्यूनतम बोली आकार एक करोड़ डॉलर होगा और इसके बाद 10 लाख डॉलर के गुणक में बोली लगाई जा सकेगी।

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय