वोडाफोन आइडिया का एयरटेल की ‘प्रायोरिटी पोस्टपेड’ सेवा पर तंज, किया नेटवर्क समानता का वादा

Ads

वोडाफोन आइडिया का एयरटेल की ‘प्रायोरिटी पोस्टपेड’ सेवा पर तंज, किया नेटवर्क समानता का वादा

  •  
  • Publish Date - May 28, 2026 / 08:18 PM IST,
    Updated On - May 28, 2026 / 08:18 PM IST

नयी दिल्ली, 28 मई (भाषा) दूरसंचार कंपनी वोडाफोन आइडिया ने सोशल मीडिया पर भारती एयरटेल की ‘प्रायोरिटी पोस्टपेड’ सेवा पर परोक्ष रूप से तंज कसा है और उपभोक्ताओं से अपने नेटवर्क पर आने की अपील की है।

एयरटेल ने 19 मई को ‘प्रायोरिटी पोस्टपेड’ सेवा शुरू की थी, जिसमें पोस्टपेड ग्राहकों को भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भी बेहतर और स्थिर स्पीड देने का दावा किया गया है। इस सेवा को लेकर ‘सबके लिए समान इंटरनेट’ के नियमों के संभावित उल्लंघन पर बहस भी शुरू हो गई है।

वोडाफोन आइडिया (वीआई) ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, “ना किसी को कम, ना ज्यादा। सबको समान नेटवर्क का वादा। मजबूत नेटवर्क सबका हक। वीआई को अपनाएं।”

एयरटेल के पास जहां देशभर में 5जी नेटवर्क मौजूद है, वहीं वीआई ने 110 से अधिक शहरों में 5जी सेवाएं शुरू की हैं।

वीआई ने कहा कि वह अपने नेटवर्क को मजबूत करने के लिए लगातार निवेश कर रही है और उसने 2.2 लाख से अधिक नए टावर जोड़े हैं।

कंपनी ने यह भी बताया कि वह नेटवर्क विस्तार के लिए 45,000 करोड़ रुपये के पूंजीगत व्यय की योजना पर काम कर रही है।

उधर, संसद की एक समिति ने इस मुद्दे पर चिंता जताते हुए कहा है कि कुछ दूरसंचार कंपनियों की ‘प्रायोरिटी पोस्टपेड’ योजना सबके लिए समान इंटरनेट के सिद्धांतों को प्रभावित कर सकती है।

एयरटेल ने समिति के समक्ष दलील दी है कि उसकी यह सेवा समान इंटरनेट के सिद्धांत का उल्लंघन नहीं करती और इससे प्रीपेड ग्राहकों की सेवा गुणवत्ता पर कोई असर नहीं पड़ता।

वहीं देश की सबसे बड़ी दूरसंचार कंपनी रिलायंस जियो ने कहा है कि इस तरह की सेवाओं की पेशकश के पहले दूरसंचार विभाग और संबंधित प्राधिकरणों की समीक्षा जरूरी है।

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय