औद्योगिक श्रमिकों संबंधी खुदरा मुद्रास्फीति नरम होकर जनवरी में 3.15 प्रतिशत

Ads

औद्योगिक श्रमिकों संबंधी खुदरा मुद्रास्फीति नरम होकर जनवरी में 3.15 प्रतिशत

  •  
  • Publish Date - February 26, 2021 / 04:31 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 07:56 PM IST

नयी दिल्ली, 26 फरवरी (भाषा) औद्योगिक श्रमिकों के लिये खुदरा मुद्रास्फीति इस साल जनवरी में नरम पड़कर 3.15 प्रतिशत रही जो पिछले साल इसी माह में 7.49 प्रतिशत थी। मुख्य रूप से कुछ खाद्य पदार्थों के दाम कम होने से खुदरा महंगाई दर कम हुई है।

श्रम मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘सालाना आधार पर मुद्रास्फीति जनवरी 2021 में 3.15 प्रतिशत रही जो इससे पिछले माह दिसंबर 2020 में 3.67 प्रतिशत थी। वहीं जनवरी 2020 में यह 7.49 प्रतिशत थी।’’

खाद्य मुद्रास्फीति आलोच्य महीने में 2.38 प्रतिशत रही जो इससे पूर्व माह दिसंबर 2020 में 2.89 प्रतिशत थी। वहीं जनवरी 2020 में यह 10.61 प्रतिशत थी।

औद्योगिक श्रमिकों के लिये अखिल भारतीय उपभोक्ता मूल्य सूचकांक जनवरी 2021 में 0.6 अंक कम होकर 118.2 अंक रहा।

खाद्य और पेय वर्ग में कीमतों में नरमी से सूचकांक नीचे आया। चावल, गेहूं, आटा, अरहर दाल,पॉल्ट्री (चिकेन), मुर्गी के अंडे, केला, बैंगन, बंद गोभी, हरी मिर्च, फूल गोभी, लहसुन, अदरक, मटर, आलू, टमाटर, कर्मचारियों का राज्य बीमा निगम में योगदान आदि में कमी के कारण सूचकांक नीचे आया।

हालांकि आवास और ईंधन तथा बिजली समूह के अंतर्गत मकान किराया, रसोई गैस, पेट्रोल आदि के दाम में तेजी ने गिरावट पर अंकुश लगाया। भाषा रमण मनोहर

मनोहर