नयी दिल्ली, 13 अप्रैल (भाषा) रियल्टी कंपनी आरएमजेड कॉर्प ने सोमवार को कहा कि वह अगले पांच वर्षों में भारत में डेटा सेंटर, एआई कारखाने, वाणिज्यिक संपत्तियों और आवासीय परियोजनाओं के विकास पर 35 अरब डॉलर का निवेश करेगी। इसके अलावा कंपनी आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) लाने पर भी विचार कर रही है।
बेंगलुरु स्थित कंपनी ने बयान में कहा कि कुल प्रस्तावित निवेश का लगभग 50 प्रतिशत हिस्सा डिजिटल ढांचागत परियोजनाओं में लगाया जाएगा। यह निवेश कर्ज और इक्विटी के मिश्रण से जुटाया जाएगा।
आरएमजेड कॉर्प के सह-संस्थापक और चेयरमैन मनोज मेंदा ने कहा कि दीर्घकालिक पूंजी सुनिश्चित करने के लिए सार्वजनिक बाजारों से पूंजी जुटाना आवश्यक है, जिसके लिए आईपीओ लाने पर विचार किया जा रहा है।
कंपनी ने कहा कि वह को-लोकेशन डेटा सेंटर और एआई अवसंरचना पर विशेष जोर दे रही है। इसके तहत कोल्ट टेक्नोलॉजी सर्विसेज के साथ मिलकर नवी मुंबई, चेन्नई, विशाखापत्तनम, हैदराबाद और बेंगलुरु में डेटा सेंटर विकसित किए जा रहे हैं।
बयान के मुताबिक, कंपनी का लक्ष्य पांच वर्षों में 1.5 गीगावाट की को-लोकेशन क्षमता हासिल करना है, जिस पर 12-15 अरब डॉलर का निवेश होगा।
कंपनी ने एआई कारखाना क्षमताओं के विकास के लिए एक अलग इकाई भी बनाई है, जो क्लाउड प्रदाताओं और एआई कंपनियों को किराये पर जीपीयू सुविधा उपलब्ध कराएगी।
इसके अलावा, शेष पूंजी वाणिज्यिक रियल एस्टेट, वैश्विक क्षमता केंद्र (जीसीसी), खुदरा, आतिथ्य एवं लॉजिस्टिक परिसंपत्तियों में निवेश की जाएगी।
भाषा प्रेम
प्रेम अजय
अजय