रोब्लॉक्स ने सुनील राव को भारत इकाई का प्रबंध निदेशक किया नियुक्त
रोब्लॉक्स ने सुनील राव को भारत इकाई का प्रबंध निदेशक किया नियुक्त
नयी दिल्ली, 30 अप्रैल (भाषा) गेमिंग कंपनी रोब्लॉक्स ने सुनील राव को भारत इकाई का प्रबंध निदेशक (एमडी) नियुक्त किया है। कंपनी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
राव देश में रोब्लॉक्स के वरिष्ठ प्रतिनिधि एवं बाजार प्रमुख के रूप में कार्य करेंगे। वे स्थानीय दलों और भागीदारों के साथ मिलकर भारत में कंपनी की रणनीति के दैनिक क्रियान्वयन की जिम्मेदारी संभालेंगे।
कंपनी बयान के अनुसार, ‘‘ रोब्लॉक्स ने सुनील राव को रोब्लॉक्स इंडिया का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया है। राव मई में कंपनी से जुड़ेंगे और भारत में कंपनी की स्थानीय उपस्थिति को मजबूत करने, साझेदारियों को बढ़ावा देने, ‘क्रिएटर इकोसिस्टम’ को समर्थन देने तथा स्थानीय बाजार की जरूरतों को वैश्विक उत्पाद तथा व्यावसायिक प्राथमिकताओं के साथ जोड़ने का काम करेंगे।’’
राव इससे पहले अमेजन वेब सर्विसेज (एडब्ल्यूएस) में नेतृत्व दल का हिस्सा थे। वहां उन्होंने एशिया-प्रशांत और जापान (एपीजे) क्षेत्र में रणनीति और ‘कॉरपोरेट बिजनेस डेवलपमेंट’ कार्यों का नेतृत्व किया।
रोब्लॉक्स के अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष झेन फांग ने कहा,‘‘ भारत, हमारे लिए वैश्विक स्तर पर एक महत्वपूर्ण बाजार है और यहां ‘क्रिएटर’ प्रतिभा की अपार संभावनाएं हैं। सुनील के पास विभिन्न बाजारों में काम करने का बेहतरीन अनुभव है और सामुदायिक मंचों के प्रति उनका दृष्टिकोण उन्हें कंपनी की अगली विकास यात्रा के लिए उपयुक्त विकल्प बनाता है।’’
राव ने कहा, ‘‘ मैं एक जीवंत और समावेशी परिवेश बनाने को लेकर उत्साहित हूं, जो देशभर के डेवलपर और क्रिएटर को सशक्त बनाए। बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और भारत के नियामकीय ढांचे के अनुरूप काम करना मेरी प्राथमिकताओं में शामिल होगा ताकि एक भरोसेमंद मंच के जरिये जिम्मेदारी से आगे बढ़ा जा सके।’’
भाषा निहारिका
निहारिका

Facebook


