मुंबई, 19 जून (भाषा) केंद्रीय उपभोक्ता मामलों के मंत्री प्रल्हाद जोशी ने शुक्रवार को कहा कि मजबूत परीक्षण और प्रमाणन ढांचा उपभोक्ता हितों की सुरक्षा, उत्पादों की विश्वसनीयता बढ़ाने और कारोबार सुगमता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
पश्चिमी क्षेत्र के राष्ट्रीय परीक्षण गृह में सूक्ष्म जैविक परीक्षण प्रयोगशाला के उद्घाटन के अवसर पर उन्होंने कहा कि देश की गुणवत्ता व्यवस्था को मजबूत करना भारतीय उत्पादों की वैश्विक प्रतिस्पर्धा बढ़ाने और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के लक्ष्य को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक है।
केंद्रीय मंत्री ने बहुमंजिला आवासीय परिसर परियोजना का भूमि पूजन कर शिलान्यास भी किया।
आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, नई सुविधाओं से महत्वपूर्ण क्षेत्रों में परीक्षण क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है। साथ ही राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुपालन को बढ़ावा मिलेगा तथा उपभोक्ता सुरक्षा, गुणवत्ता आश्वासन और औद्योगिक प्रतिस्पर्धा के लक्ष्य पूरे होंगे।
मंत्री ने देश के विभिन्न क्षेत्रों में उन्नत परीक्षण सुविधाओं के विस्तार और परीक्षण सेवाओं को उद्योग एवं उपभोक्ताओं के निकट लाने के प्रयासों की सराहना की।
भाषा योगेश रमण
रमण