रूट मोबाइल के आईपीओ को बोली के अंतिम दिन 74 गुना अभिदान

Ads

रूट मोबाइल के आईपीओ को बोली के अंतिम दिन 74 गुना अभिदान

  •  
  • Publish Date - September 11, 2020 / 01:12 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 07:54 PM IST

नयी दिल्ली, 11 सितंबर (भाषा) रूट मोबाइल के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को शुक्रवार को बोली के अंतिम दिन 74.36 गुना अभिदान मिला। इन आंकड़ों से पता चलता है कि आईपीओ को लेकर निवेशकों की प्रतिक्रिया काफी उत्साहवर्धक रही है।

क्लाउड संचार सेवा प्रदाता रूट मोबाइल के 600 करोड़ रुपये के आईपीओ के तहत 89 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिलीं। निर्गम का कुल आकार 1.21 करोड़ शेयरों का था।

मर्चेंट बैंकरों के अनुसार, पात्र संस्थागत खरीदार (क्यूआईबी) खंड को 91 गुना अभिदान मिला, जबकि गैर-संस्थागत निवेशक खंड को 195.61 गुना अभिदान मिला। खुदरा निवेशक खंड को 12.85 गुना अभिदान मिला। आईपीओ के तहत 240 करोड़ रुपये के नए शेयरों तथा 360 करोड़ रुपये की बिक्री पेशकश (ओएफएस) की गई थी। आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 345 से 350 रुपये प्रति शेयर था।

रूट मोबाइल ने मंगलवार को एंकर निवेशकों से 180 करोड़ रुपये जुटाए थे। कंपनी इस राशि का इस्तेमाल अपने कर्ज के बोझ को कम करने, अधिग्रहण और अन्य रणनीतिक पहल, मुंबई में कार्यालय परिसर की खरीद तथा अन्य कामकाज के लिए करेगी।

आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज, एक्सिस कैपिटल, एडलवाइस फाइनेंशियल सर्विसेज और आईडीबीआई कैपिटल मार्केट्स एंड सिक्योरिटीज इस निर्गम की प्रबंधक हैं।

भाषा अजय

अजय महाबीर

महाबीर