एफएसएसएआई ने पाई फूड्स को दो उत्पादों की बिक्री रोकने का निर्देश दिया

Ads

एफएसएसएआई ने पाई फूड्स को दो उत्पादों की बिक्री रोकने का निर्देश दिया

  •  
  • Publish Date - August 7, 2026 / 03:57 PM IST,
    Updated On - August 7, 2026 / 03:57 PM IST

नयी दिल्ली, सात अगस्त (भाषा) खाद्य नियामक एफएसएसएआई ने पाई फूड्स को उसके दो उत्पादों ‘मोंक फ्रूट एक्सट्रैक्ट स्वीटनर’ और ‘मोंक फ्रूट स्वीटनर ड्रॉप्स’ की बिक्री तत्काल प्रभाव से रोकने का निर्देश दिया है। यह कार्रवाई लेबलिंग मानकों के उल्लंघन के कारण की गई है।

भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि उसने इन उत्पादों की बिक्री के संबंध में कंपनी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया है।

निरीक्षण के दौरान नियामक ने पाया कि कुछ डिब्बों पर ‘मार्केटेड बाय पाई फूड्स’ लिखा था, जबकि कंपनी के एफएसएसएआई लाइसेंस में ‘रिलेबलर’ (दूसरे के बनाए उत्पाद पर अपना नाम लगाकर बेचने) के रूप में काम करने की अनुमति नहीं थी।

इसके अलावा, कंपनी बिना जरूरी अनुमति के अपनी वेबसाइट के जरिए भी उत्पादों को बेच रही थी।

एफएसएसएआई ने यह भी कहा कि उत्पादों के लेबल पर अनिवार्य घोषणाएं नहीं थीं और उन पर ‘100 प्रतिशत मोंक फ्रूट एक्सट्रैक्ट’ तथा ‘प्राकृतिक सामग्री’ जैसे दावे किए गए थे, जबकि ई-कॉमर्स वेबसाइट पर ‘डॉक्टर से अनुशंसित’ का दावा भी किया जा रहा था।

मोंक फ्रूट मुख्यतः चीन में पाया जाने वाला एक प्राकृतिक फल है, जिसका अर्क चीनी-मुक्त मिठास देने वाले स्वीटनर की तरह इस्तेमाल होता है।

नियामक ने कहा कि ये सभी दावे खाद्य सुरक्षा एवं मानक (लेबलिंग एवं प्रदर्शन) विनियम, 2020 तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक (विज्ञापन एवं दावे) विनियम, 2018 का उल्लंघन हैं।

एफएसएसएआई ने पाई फूड्स को निर्देश दिया कि वह मोंक फ्रूट एक्सट्रैक्ट युक्त इन उत्पादों की बिक्री तुरंत बंद करे और आवश्यक अनुमोदनों के साथ वैध केंद्रीय लाइसेंस प्राप्त करे। साथ ही, कंपनी को इस गैर-निर्दिष्ट खाद्य घटक के लिए आवश्यक स्वीकृति लेने को भी कहा गया है।

भाषा प्रेम

प्रेम रमण

रमण