रॉयल एनफील्ड की बिक्री फरवरी में 11 प्रतिशत बढ़कर 1,00,905 इकाई पर
रॉयल एनफील्ड की बिक्री फरवरी में 11 प्रतिशत बढ़कर 1,00,905 इकाई पर
नयी दिल्ली, एक मार्च (भाषा) मोटरसाइकिल विनिर्माता रॉयल एनफील्ड की कुल बिक्री फरवरी में सालाना आधार पर 11 प्रतिशत बढ़कर 1,00,905 इकाई रही।
कंपनी ने एक बयान में कहा कि उसने फरवरी, 2025 में 90,670 वाहनों की बिक्री की थी।
बयान के अनुसार, पिछले महीने कंपनी की घरेलू बिक्री 13 प्रतिशत बढ़कर 91,248 इकाई रही, जो एक साल पहले की समान अवधि में 80,799 इकाई थी।
हालांकि, इस दौरान कंपनी का निर्यात दो प्रतिशत घटकर 9,657 इकाई रह गया, जो पिछले वर्ष के इसी महीने में 9,871 इकाई था।
रॉयल एनफील्ड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) बी गोविंदराजन ने कहा, ‘फरवरी में भी वही सकारात्मक गति बनी रही जो हमने इस चालू वित्त वर्ष में देखी है। यह सभी बाजारों में उत्पादों की निरंतर मांग को दर्शाता है।’
उन्होंने कहा कि भविष्य की वृद्धि को देखते हुए कंपनी ने तमिलनाडु के चेय्यार स्थित अपने मौजूदा विनिर्माण संयंत्र के विस्तार की योजना की घोषणा की है, जिसे अगले 18 महीनों में पूरा कर लिया जाएगा।
गोविंदराजन ने बताया, ‘इससे हमारी वार्षिक उत्पादन क्षमता मौजूदा 14.6 लाख इकाई से बढ़कर 20 लाख इकाई हो जाएगी। इस विस्तार का उद्देश्य मांग बढ़ने पर अपनी परिचालन तैयारियों को मजबूत करना है। हम भविष्य को लेकर आशान्वित हैं।’
भाषा सुमित अजय
अजय

Facebook


