रुपया 11 पैसे टूटकर 90.43 प्रति डॉलर पर

रुपया 11 पैसे टूटकर 90.43 प्रति डॉलर पर

रुपया 11 पैसे टूटकर 90.43 प्रति डॉलर पर
Modified Date: February 4, 2026 / 04:16 pm IST
Published Date: February 4, 2026 4:16 pm IST

मुंबई, चार फरवरी (भाषा) भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर सहमति की घोषणा के बाद पिछले कारोबारी सत्र में आई तेजी के बाद बुधवार को रुपया अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 11 पैसे गिरकर 90.43 (अस्थायी) पर आ गया।

यह गिरावट कॉरपोरेट और आयातकों द्वारा डॉलर की संभावित खरीदारी के कारण हुई।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर सहमति के बाद सकारात्मक माहौल के बावजूद अभी भी सावधानी बरतनी चाहिए क्योंकि अभी तक कोई हस्ताक्षरित या आधिकारिक रूप से जारी व्यापार समझौता नहीं हुआ है।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 90.35 पर खुला और कारोबार के दौरान 90.26 के उच्चस्तर तथा 90.54 के निचले स्तर घूमता रहा।

अंत में घरेलू मुद्रा 90.43 (अस्थायी) पर बंद हुई, जो पिछले बंद स्तर से 11 पैसे कम है।

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर मंगलवार को सहमति होने के बाद भारतीय रुपया एशिया की सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाली मुद्रा बनकर उभरा था।

उस दिन रुपये ने एक ही कारोबारी सत्र में 117 पैसे या 1.28 प्रतिशत की रिकॉर्ड बढ़त दर्ज की थी और अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 90.32 पर बंद हुआ था।

पिछले सत्र में तेज बढ़त के बाद भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की शर्तों को लेकर निवेशकों की ओर से अधिक स्पष्टता की प्रतीक्षा के कारण बुधवार को भारतीय रुपया कमजोर पड़ गया।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि उम्मीद से कमजोर सेवा क्षेत्र यानी पीएमआई आंकड़ों के कारण रुपये पर दबाव बना रहा।

उन्होंने बताया कि व्यापार समझौते को लेकर आशावाद से मंगलवार को रुपये में तेज उछाल आया था, लेकिन कच्चे तेल की कीमतों में रातोंरात हुई बढ़ोतरी ने इसकी आगे की तेजी को सीमित कर दिया।

चौधरी ने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौता घरेलू बाजार की धारणा को मजबूत करेगा, जिससे रुपये में सकारात्मक रुझान बना रह सकता है।’’

इस बीच, दुनिया छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.03 प्रतिशत गिरकर 97.40 पर कारोबार कर रहा था।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.10 प्रतिशत की गिरावट के साथ 67.26 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 78.56 अंक चढ़कर 83,817.69 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 48.45 अंक बढ़कर 25,776 अंक पर पहुंच गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने 5,236.28 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

भाषा योगेश अजय

अजय


लेखक के बारे में