रुपया नौ पैसे टूटकर 93.44 प्रति डॉलर पर

रुपया नौ पैसे टूटकर 93.44 प्रति डॉलर पर

रुपया नौ पैसे टूटकर 93.44 प्रति डॉलर पर
Modified Date: April 15, 2026 / 04:30 pm IST
Published Date: April 15, 2026 4:30 pm IST

मुंबई, 15 अप्रैल (भाषा) रुपया बुधवार को शुरुआती बढ़त गंवाकर नौ पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 93.44 (अस्थायी) पर रहा। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बाद हुई बढ़ोतरी और घरेलू मुद्रास्फीति के उच्च आंकड़ों के कारण बाजार का रुझान कमजोर हुआ।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 93.19 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह डॉलर के मुकाबले 93.13 के उच्च स्तर तक पहुंचा। अंततः यह अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 93.44 (अस्थायी) पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव से नौ पैसे की गिरावट है।

रुपया सोमवार को 52 पैसे कमजोर होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 93.35 पर बंद हुआ था। ‘आंबेडकर जयंती’ के मौके पर मंगलवार को विदेशी मुद्रा बाजार बंद थे।

एलकेपी सिक्योरिटीज के उपाध्यक्ष (जिंस एवं मुद्रा) जतीन त्रिवेदी ने कहा, ‘‘ रुपया होर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़े घटनाक्रमों के प्रति अत्यधिक संवेदनशील बना हुआ है…निकट भविष्य में, रुपये के 93.10 से 93.65 के दायरे में कारोबार करने के आसार हैं। इसकी दिशा भू-राजनीतिक घटनाक्रमों और तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव पर निर्भर करेगी।’’

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.5 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 97.95 पर रहा।

घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 1,263.67 अंक या 1.64 प्रतिशत चढ़कर 78,111.24 अंक पर जबकि निफ्टी 388.65 अंक या 1.63 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,231.30 अंक पर बंद हुआ।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.50 प्रतिशत की बढ़त के साथ 96.21 डॉलर प्रति बैरल रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) सोमवार को शुद्ध बिकवाल रहे और उन्होंने 1,983.18 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

इस बीच, पश्चिम एशिया संकट के चलते ईंधन, बिजली एवं विनिर्मित वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण मार्च में थोक मुद्रास्फीति तीन साल से अधिक यानी 38 माह के उच्च स्तर 3.88 प्रतिशत पर पहुंच गई। बुधवार को जारी सरकारी आंकड़ों से यह जानकारी दी गई।

भाषा निहारिका अजय

अजय


लेखक के बारे में