डालर के मुकाबले रुपया तीन पैसे गिरा, 74.18 पर हुआ बंद

डालर के मुकाबले रुपया तीन पैसे गिरा, 74.18 पर हुआ बंद

डालर के मुकाबले रुपया तीन पैसे गिरा, 74.18  पर हुआ बंद
Modified Date: November 29, 2022 / 07:55 pm IST
Published Date: November 10, 2020 11:39 am IST

मुंबई, 10 नवंबर (भाषा) कच्चे तेल के दाम बढ़ने और दुनिया की अन्य मुद्राओं के समक्ष डालर के मजबूत होने से स्थानीय विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में मंगलवार को रुपया तीन पैसे गिरकर 74.18 रुपये प्रति डालर (अस्थाई) पर बंद हुआ।

विशेषज्ञों का कहना है कि वैश्विक बाजार में कच्चे तेल के दाम बढ़ने का घरेलू मुद्रा पर असर पड़ा है। लेकिन घरेलू इक्विटी बाजार में तेजी से रुपये को समर्थन मिला जिससे उसकी गिरावट सीमित रही।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में घरेलू मुद्रा में कारोबार की शुरुआत 74.04 रुपये प्रति डालर पर हुआ। हालांकि, कारोबार आगे बढ़ने के साथ ही रुपया इस मजबूती को बरकरार नहीं रख पाई और अंत में कारोबार की समाप्ति पर यह तीन पैसे गिरकर 74.18 रुपये प्रति डालर पर बंद हुआ।

कारोबार के दौरान घरेलू मुद्रा 74.02 की ऊंचाई छूने के बाद 74.30 रुपये प्रति डालर तक नीचे भी गया।

इससे पहले सोमवार को रुपया सात पैसे लुढ़कर 74.15 रुपये प्रति डालर पर बंद हुआ था।

दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के समक्ष डालर की मजबूती को दर्शाने वाला डालर सूचकांक 0.17 प्रतिशत बढ़कर 92.87 अंक पर पहुंच गया।

इस बीच ब्रेंट कच्चे तेल का वायदा भाव 1.34 प्रतिशत बढ़कर 42.97 डालर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

भाषा

महाबीर मनोहर

मनोहर


लेखक के बारे में