रुपया 11 पैसे चढ़कर 94.65 प्रति डॉलर पर

Ads

रुपया 11 पैसे चढ़कर 94.65 प्रति डॉलर पर

  •  
  • Publish Date - June 24, 2026 / 04:29 PM IST,
    Updated On - June 24, 2026 / 04:29 PM IST

मुंबई, 24 जून (भाषा) रुपया बुधवार को 11 पैसे मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.65 (अस्थायी) पर रहा। वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट से घरेलू मुद्रा को बल मिला।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 2.05 प्रतिशत की गिरावट के साथ 75.50 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, घरेलू शेयर बाजारों में सकारात्मक रुख और विदेशी पूंजी के निवेश प्रवाह ने भी रुपये को समर्थन दिया।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.88 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान डॉलर के मुकाबले 94.59 से 94.93 के दायरे में रहा। अंत में यह 94.65 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा जो पिछले बंद स्तर से 11 पैसे अधिक है।

रुपया मंगलवार को 13 पैसे टूटकर 94.76 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

मिराए एसेट शेयरखान में अनुसंधान विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘ हमारा अनुमान है कि अमेरिकी डॉलर के मजबूत होने, फेडरल रिजर्व के कड़े रुख और कमजोर वैश्विक बाजारों के कारण रुपया नकारात्मक रुख के साथ कारोबार कर सकता है। हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और अमेरिका-ईरान वार्ता में प्रगति निचले स्तर पर रुपये को समर्थन दे सकती है। डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 94.45 से 95.10 के दायरे में रहने के आसार हैं।’’

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.23 प्रतिशत की बढ़त के साथ 101.63 पर रहा।

घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स 790.54 अंक या 1.04 प्रतिशत की बढ़त के साथ 76,991.22 अंक पर जबकि निफ्टी 197.55 अंक या 0.83 प्रतिशत चढ़कर 24,021.65 अंक पर रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को शुद्ध लिवाल रहे थे और उन्होंने 17.86 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

भाषा निहारिका अजय

अजय