भारतीय महिला अंडर-19 टीम ने श्रीलंका को 11 रन से हराया

Ads

भारतीय महिला अंडर-19 टीम ने श्रीलंका को 11 रन से हराया

  •  
  • Publish Date - June 24, 2026 / 05:16 PM IST,
    Updated On - June 24, 2026 / 05:16 PM IST

चेन्नई, 24 जून (भाषा) सलामी बल्लेबाज तनिष्का शर्मा के शानदार अर्धशतक और जाह्नवी वीरकर तथा मैत्री मनियार की बेहतरीन गेंदबाजी की बदौलत भारत ने बुधवार को यहां अंडर-19 महिला टी20 मुकाबले में श्रीलंका को 11 रन से हरा दिया।

पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और दूसरे ही ओवर में दीक्षा कटरगड्डा बिना खाता खोले आउट हो गईं। इसके बाद तनिष्का शर्मा ने संयमित बल्लेबाजी करते हुए आठ चौकों की मदद से 56 गेंदों में 58 रन बनाए।

तनिष्का ने इरा जाधव (21 गेंदों में 26 रन) के साथ दूसरे विकेट के लिए 57 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की।

कुमारी पलक ने 18 गेंदों में 21 रन और काश्वी कंडिकुप्पा ने 12 रन का योगदान देकर टीम को 20 ओवर में 6 विकेट पर 134 रन तक पहुंचाया।

इसके बाद जाह्नवी (14 रन पर तीन विकेट) और मैत्री (26 रन पर तीन विकेट) की शानदार गेंदबाजी ने भारत ने श्रीलंका को 20 ओवर में आठ विकेट 123 रन पर रोक दिया।

श्रीलंका के लिए विमोक्षा बालासूर्या ने 52 गेंदों पर आठ चौकों की मदद से 61 रन की शानदार पारी खेली।

उन्होंने सलामी जोड़ीदार संजना कविंदी (14) और मनुडी नानायक्कारा (24) के साथ उपयोगी साझेदारियां कर टीम को मुकाबले में बनाए रखा।

काश्वी कंडिकुप्पा (24 रन पर एक विकेट) ने सातवें ओवर में संजना को आउट कर भारत को सफलता दिलाई। इसके बाद 16वें ओवर में मैत्री ने मनुडी का विकेट लेकर श्रीलंका का स्कोर दो विकेट पर 95 रन कर दिया।

मैत्री ने 18वें ओवर में खतरनाक साबित हो रहीं विमोक्षा बालासूर्या को भी पवेलियन भेज दिया। इसके बाद श्रीलंकाई टीम दबाव में आ गई और लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी।

इस जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की श्रृंखला में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली। तीसरा और अंतिम टी20 मैच शनिवार को खेला जाएगा।

भाषा

आनन्द मोना

मोना