अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 12 पैसे की तेजी के साथ 95.58 पर बंद

Ads

अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 12 पैसे की तेजी के साथ 95.58 पर बंद

  •  
  • Publish Date - May 27, 2026 / 09:36 PM IST,
    Updated On - May 27, 2026 / 09:36 PM IST

मुंबई, 27 मई (भाषा) रुपया बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 12 पैसे की तेजी के साथ 95.58 पर बंद हुआ। अमेरिका और ईरान के बीच फिर से बढ़े तनाव और बातचीत में हो रही देरी के कारण निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया।

विदेशीमुद्रा कारोबारियों ने बताया कि अमेरिकी मुद्रा की मजबूती और घरेलू बाजारों में कमजोर रुख ने भी रुपये पर दबाव डाला। अब सबका ध्यान तीन से पांच जून के बीच होने वाली रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति की आगामी बैठक पर है।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में, रुपया अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 95.60 पर खुला और कारोबार के दौरान अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 95.79 के निचले पर आ गया।

अंत में, रुपया 95.58 पर बंद हुआ जो इसके पिछले बंद भाव से 12 पैसे की तेजी है।

रुपया मंगलवार को 44 पैसे कमजोर होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.70 पर बंद हुआ था।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक, अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘हमारा अनुमान है कि अमेरिका और ईरान के बीच फिर से बढ़े तनाव और पश्चिम एशिया में सैन्य कार्रवाई की चिंताओं के कारण रुपया नकारात्मक रुख के साथ कारोबार करेगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी निचले स्तरों पर रुपये को सहारा दे सकती है। डॉलर-रुपया हाजिर कीमत 95.50 से 96.10 की दायरे में कारोबार करने का अनुमान है।’’

विश्व की छह प्रमुख प्रतिस्पर्धी मुद्राओं की तुलना में डॉलर की मजबूती को मापने वाला, डॉलर सूचकांक 0.10 प्रतिशत की गिरावट के साथ 99.07 पर रहा।

वायदा कारोबार में वैश्विक कच्चातेल मानक, ब्रेंट क्रूड की कीमत 3.02 प्रतिशत की गिरावट के साथ 96.57 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 141.90 अंक टूटकर 75,867.80 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 6.55 अंक की मामूली गिरावट के साथ 23,907.15 पर रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे और उन्होंने बुधवार को 1,042.70 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

भाषा राजेश राजेश रमण

रमण