रुपया 36 पैसे बढ़कर 79.17 प्रति डॉलर पर

Ads

रुपया 36 पैसे बढ़कर 79.17 प्रति डॉलर पर

  •  
  • Publish Date - September 13, 2022 / 10:10 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:25 PM IST

मुंबई, 13 सितंबर (भाषा) अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में मंगलवार को रुपया 36 पैसे बढ़कर लगभग एक माह के उच्चतम स्तर 79.17 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। दुनिया की अन्य मुद्राओं की तुलना में डॉलर के मूल्य में गिरावट तथा विदेशी कोषों का निवेश बढ़ने से रुपये में मजबूती आई।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया डॉलर के मुकाबले 79.30 पर खुला। दिन के कारोबार में रुपया ऊंचे में 79.03 और नीचे में 79.33 तक गया।

अंत में यह डॉलर के मुकाबले 36 पैसे चढ़कर 79.17 पर बंद हुआ जो तीन अगस्त के बाद उच्चतम बंद स्तर है। रुपया सोमवार को 79.53 पर बंद हुआ था।

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.40 प्रतिशत गिरकर 107.89 रह गया।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.96 प्रतिशत बढ़कर 94.87 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के शोध विश्लेषक, दिलीप परमार ने कहा, ‘डॉलर में लंबे समय तक उतार-चढ़ाव और जोखिम लेने की धारणा में सुधार के बीच भारतीय रुपये में 27 जुलाई के बाद एक दिन का सबसे बड़ा लाभ रहा। विदेशी संस्थानों और कंपनियों से डॉलर की आमद ने भी रुपये को समर्थन दिया।’’

सीपीआई के आंकड़ों के आने से पहले डॉलर में लगातार तीसरे दिन गिरावट आई जो एक महीने में सबसे लंबी गिरावट है।

बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 455.95 अंक की तेजी के साथ 60,571.08 अंक पर बंद हुआ।

शेयर बाजार के अस्थायी आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को शुद्ध रूप से 1,956.98 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

भाषा राजेश राजेश रमण

रमण