निजी क्षेत्र की सूचीबद्ध विनिर्माण कंपनियों की बिक्री चौथी तिमाही में 14.5 प्रतिशत बढ़ी : आरबीआई
निजी क्षेत्र की सूचीबद्ध विनिर्माण कंपनियों की बिक्री चौथी तिमाही में 14.5 प्रतिशत बढ़ी : आरबीआई
मुंबई, 16 जून (भाषा) वाहन, इलेक्ट्रिकल मशीनरी और गैर-लौह धातु उद्योगों के मजबूत प्रदर्शन के चलते 1,800 से अधिक सूचीबद्ध निजी विनिर्माण कंपनियों की बिक्री वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही (जनवरी-मार्च) में 14.5 प्रतिशत बढ़ी है। भारतीय रिज़र्व बैंक (आरबीआई) के ताजा आंकड़ों में यह खुलासा हुआ है।
कुल मिलाकर सूचीबद्ध निजी गैर-वित्तीय कंपनियों ने 2025-26 की जनवरी-मार्च तिमाही के दौरान बिक्री में 13.9 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है, जो पिछली तिमाही में 10.1 प्रतिशत से अधिक है।
आरबीआई के आंकड़े 3,266 सूचीबद्ध गैर-सरकारी गैर-वित्तीय कंपनियों के संक्षिप्त तिमाही वित्तीय नतीजों पर आधारित हैं, जिनमें 2025-26 की चौथी तिमाही के दौरान निजी कॉरपोरेट कारोबार क्षेत्र के प्रदर्शन को शामिल किया गया है।
आरबीआई ने कहा, ‘‘1,817 सूचीबद्ध निजी विनिर्माण कंपनियों की बिक्री चौथी तिमाही में सालाना आधार पर 14.5 प्रतिशत बढ़ी, जबकि पिछली तिमाही में यह वृद्धि 11.4 प्रतिशत थी।’’
इस वृद्धि में मुख्य योगदान वाहन, इलेक्ट्रिकल मशीनरी और गैर-लौह धातु उद्योगों का रहा।
आरबीआई के अनुसार, सेवा क्षेत्र में भी सुधार देखने को मिला है। आईटी कंपनियों की बिक्री वृद्धि बढ़कर 9.9 प्रतिशत हो गई, जबकि पिछली तिमाही में यह 8.8 प्रतिशत थी। वहीं, गैर-आईटी सेवा कंपनियों की बिक्री वृद्धि में तेज उछाल आया और यह 20.3 प्रतिशत तक पहुंच गई, जिसका प्रमुख कारण थोक और खुदरा व्यापार में मजबूती रहा।
भाषा यासिर अजय
अजय

Facebook


