मोलबायो डायग्नॉस्टिक्स के आईपीओ को दूसरे दिन मिला 3.11 गुना अभिदान

Ads

मोलबायो डायग्नॉस्टिक्स के आईपीओ को दूसरे दिन मिला 3.11 गुना अभिदान

  •  
  • Publish Date - August 11, 2026 / 07:51 PM IST,
    Updated On - August 11, 2026 / 07:51 PM IST

नयी दिल्ली, 11 अगस्त (भाषा) मोलबायो डायग्नॉस्टिक्स लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को मंगलवार को बोली के दूसरे दिन 3.11 गुना अभिदान मिला।

एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, तीन दिन के आईपीओ में 81,58,529 शेयरों की पेशकश के मुकाबले 2,53,53,108 शेयरों के लिए बोलियां मिलीं।

गैर-संस्थागत निवेशकों के लिए आरक्षित हिस्से को 5.21 गुना, खुदरा निवेशकों की श्रेणी को 3.18 गुना और पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) की श्रेणी को 1.39 गुना अभिदान मिला।

टेमासेक और मोतीलाल ओसवाल प्राइवेट इक्विटी समर्थित मोलबायो डायग्नॉस्टिक्स ने एंकर निवेशकों से 281.5 करोड़ रुपये जुटाए हैं।

आईपीओ के लिए बोली का दायरा 768-807 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है और यह बुधवार को बंद होगा। मूल्य दायरे के ऊपरी स्तर पर यह निर्गम करीब 940 करोड़ रुपये जुटा सकता है।

गोवा स्थित कंपनी के आईपीओ में 200 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा मौजूदा शेयरधारकों द्वारा 91.66 लाख तक इक्विटी शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) लाई जाएगी।

कंपनी नए शेयरों से मिलने वाली राशि में से 106 करोड़ रुपये शोध एवं विकास (आरएंडडी) केंद्र, उत्कृष्टता केंद्र और उससे जुड़े कार्यालय के लिए बुनियादी ढांचा तैयार करने पर खर्च करेगी।

मूल्य दायरे के ऊपरी स्तर पर मोलबायो डायग्नॉस्टिक्स का आईपीओ के बाद बाजार पूंजीकरण करीब 9,300 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है।

मोलबायो डायग्नोस्टिक्स की स्थापना वर्ष 2000 में हुई और यह मरीजों के इलाज स्थल पर ही जांच सुविधाएं देने वाली कंपनी है।

कंपनी के शेयर 17 अगस्त को बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध होने प्रस्तावित हैं।

भाषा यासिर अजय

अजय